गया जी में प्रधानाचार्य को फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी, केस दर्ज
वजीरगंज के एक उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य को मोबाइल पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है. नाइट गार्ड को हटाने की बात पर हुए विवाद के बाद प्रधानाचार्य ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
वजीरगंज थाना क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय महुगाईन के प्रधानाचार्य को मोबाइल फोन पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. प्रधानाचार्य ने इस संबंध में वजीरगंज थाना में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
नाइट गार्ड को हटाने की बात से शुरू हुआ विवाद
वजीरगंज थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि विद्यालय के प्रधानाचार्य बिरेंद्र चौधरी के आवेदन और ऑडियो कॉल के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. आवेदन के अनुसार, 10 अगस्त की रात करीब पौने नौ बजे गांव के ही एक व्यक्ति ने प्रधानाचार्य को फोन किया और नाइट गार्ड को हटाने की बात कही.
जवाब देने पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप
प्रधानाचार्य ने बताया कि उन्होंने फोन करने वाले व्यक्ति से कहा कि नाइट गार्ड को हटाने का अधिकार जिला के वरीय अधिकारियों के पास है. इसी बात पर आरोपित ने कथित रूप से गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी. घटना के बाद प्रधानाचार्य भयभीत हो गये और उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन दिया.
पुलिस ने ऑडियो कॉल के आधार पर दर्ज किया केस
थानाध्यक्ष नीरज कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन और ऑडियो कॉल के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
15 अगस्त की शाम घर पहुंचकर केस उठाने का दबाव
प्रधानाचार्य ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झंडोत्तोलन के बाद जब वह घर लौटे, उसी शाम दो लोग मोटरसाइकिल से उनके घर पहुंचे. दोनों ने कथित तौर पर केस वापस लेने को कहा और केस नहीं हटाने पर दोबारा जान से मारने की धमकी दी.
ग्रामीणों के जुटने पर मोटरसाइकिल से भागे दोनों
प्रधानाचार्य के अनुसार, जब दोनों व्यक्ति उनके घर पहुंचे, उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे. इसी बीच आसपास के ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई और लोग जुटने लगे. ग्रामीणों को आते देख दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां से भाग निकले.
प्रधानाचार्य ने पुलिस से सुरक्षा की मांग की
घटना के बाद प्रधानाचार्य ने फोन कर दोबारा थानाध्यक्ष को पूरे मामले की जानकारी दी. उन्होंने आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ अपनी सुरक्षा की भी मांग की है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










