गया में अंधविश्वास का खौफनाक खेल : डायन के शक में 70 वर्षीय महिला को खटिया से घसीटा, ईंट-पत्थरों से कुचलकर की हत्या

Published by :PRANJAL PANDEY
Updated at :12 May 2026 10:39 PM
विज्ञापन
गया में अंधविश्वास का खौफनाक खेल : डायन के शक में 70 वर्षीय महिला को खटिया से घसीटा, ईंट-पत्थरों से कुचलकर की हत्या

जिले के नावनगर महादलित टोले में अंधविश्वास के नाम पर एक बेहद खौफनाक और अमानवीय वारदात को अंजाम दिया गया है. सोमवार देर रात 'डायन' होने के शक में दर्जन भर हमलावरों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला बुल्की देवी की ईंट-पत्थरों से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी.

विज्ञापन

फतेहपुर से अरविंद कुमार की रिपोर्ट. जिले के नावनगर महादलित टोले में अंधविश्वास के नाम पर एक बेहद खौफनाक और अमानवीय वारदात को अंजाम दिया गया है. सोमवार देर रात ”डायन” होने के शक में दर्जन भर हमलावरों ने 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला बुल्की देवी की ईंट-पत्थरों से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस हिंसक हमले में बीच-बचाव करने आई पड़ोस की एक अन्य महिला भी गंभीर रूप से घायल हुई है. पुलिस ने घायल महिला को तुरंत इलाज के लिए सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया, जहां उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया है. पुलिस ने बुल्की देवी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

खटिया से 25 फीट घसीटा, फिर पत्थरों से कुचला

मृतका बुल्की देवी की पोती ने पुलिस को बताया कि सोमवार आधी रात को उसकी दादी घर के बाहर खटिया पर सो रही थी. तभी करीब दर्जन भर हमलावर वहां पहुंचे और बुल्की देवी को खटिया से खींच लिया. वे बुजुर्ग महिला को 20-25 फीट दूर तक घसीटते हुए ले गए. इसके बाद उन्हें पेवर ब्लॉक पर पटक कर सीमेंट की ईंट और भारी पत्थरों से उनका सिर कुचल डाला. बुजुर्ग की हत्या से भी जब हमलावरों का मन नहीं भरा, तो उन्होंने पड़ोस के एक अन्य घर पर धावा बोल दिया और वहां मौजूद एक महिला को भी पीट-पीटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया.

जादू-टोना कर बीमार करने का था आरोप

मृतका के परिजनों के अनुसार, हमलावरों का सीधा आरोप था कि बुल्की देवी एक ”डायन” है और उसने तंत्र-विद्या के जरिए उनके घर पर जादू-टोना किया है. हमलावरों का मानना था कि इसी जादू-टोने के कारण उनके परिवार के कई सदस्य लगातार गंभीर रूप से बीमार पड़ रहे थे. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. जाते-जाते अपराधियों ने पीड़ित परिवार को खुली धमकी दी कि अगर उन्होंने पुलिस को इस घटना के बारे में बताया, तो पूरे परिवार की हत्या कर दी जाएगी. इस खौफनाक हत्याकांड और खुलेआम दी गई धमकी के बाद पूरे गांव में सन्नाटा और दहशत का माहौल है.

वजीरगंज डीएसपी ने की छानबीन, एक संदिग्ध हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही वजीरगंज कैंप के डीएसपी सुनील कुमार पांडे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में शामिल एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है. डीएसपी ने बताया कि मृतका के परिजनों ने 11 लोगों के खिलाफ हत्या का नामजद आरोप लगाया है. पुलिस हत्या और डायन प्रथा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान और तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल कर रही है.

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन