खेत में लगी आग बुझाने गये युवक की करेंट से मौत, लोगों ने किया सड़क जाम

Updated at : 31 Mar 2026 10:54 PM (IST)
विज्ञापन
खेत में लगी आग बुझाने गये युवक की करेंट से मौत, लोगों ने किया सड़क जाम

बुनियादगंज थाना क्षेत्र की उसरी पंचायत स्थित उसरी टोला मनोहरचक में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी के कारण गेहूं की फसल में आग लग गयी.

विज्ञापन

मानपुर. बुनियादगंज थाना क्षेत्र की उसरी पंचायत स्थित उसरी टोला मनोहरचक में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया. खेत के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों के आपस में टकराने से निकली चिंगारी के कारण गेहूं की फसल में आग लग गयी. आग की लपटें और तेज धुआं देखकर ग्रामीण उसे बुझाने दौड़े. इसी दौरान जमीन पर टूट कर गिरे विद्युत प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक 25 वर्षीय युवक की झुलसकर मौत हो गयी. मृतक की पहचान उसरी टोला मनोहरचक निवासी मिथिलेश मांझी के बेटे नीतीश कुमार के रूप में की गयी है. आग पर तो किसी तरह काबू पा लिया गया, लेकिन युवक की दर्दनाक मौत ने ग्रामीणों को आक्रोशित कर दिया. उग्र लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर मानपुर-राजगीर मुख्य मार्ग पर उसरी टोला भागलपुर के समीप शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया.

इकलौते कमाऊ बेटे की मौत से मचा कोहराम

नीतीश अपने घर का एकमात्र कमाऊ सदस्य था और उसका चार साल का एक बेटा भी है. उसकी अचानक मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना और सड़क जाम की सूचना मिलते ही बुनियादगंज थाने की पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची. एसआइ दीपक राज, एसआइ गुलशन कुमार सिंह और एएसआइ उमेश कुमार सिंह ने पुलिस बल के साथ उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया.

परिजनों को दी गयी तत्काल सहायता

बीडीओ वेद प्रकाश के निर्देश पर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अखिलेश यादव ने मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत 20 हजार रुपये और कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता का भुगतान किया. मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को यह भरोसा भी दिलाया कि बिजली विभाग की ओर से उन्हें प्रावधानों के तहत चार लाख रुपये का मुआवजा दिलाया जायेगा.

फायर ब्रिगेड की अपील, पहले बिजली कटवाएं

इस घटना पर फायर ब्रिगेड के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब भी कहीं आग लगने की घटना हो, तो आग बुझाने का प्रयास करने से पहले स्थानीय पावर सब-स्टेशन या बिजली विभाग के अधिकारियों को फोन कर उस इलाके की बिजली आपूर्ति तुरंत रुकवानी चाहिए. अगर समय रहते ऐसा किया गया होता, तो इस दर्दनाक हादसे को टाला जा सकता था.

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन