गया जी : मगध विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 पर भड़के शिक्षक 10 अगस्त को करेंगे सामूहिक अवकाश, धरना-प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन

शिक्षक संघ की आमसभा में संबोधित करते प्रो डॉ एहतेशाम शान

मगध विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 के विरोध में 10 अगस्त को सामूहिक अवकाश और विशाल धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है।

विज्ञापन

बोधगया. राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 के खिलाफ मगध विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान किया है. मगध विश्वविद्यालय स्नातकोत्तर शिक्षक संघ की कार्यकारिणी के पूर्व में लिये गये निर्णयों के आलोक में शनिवार को विश्वविद्यालय के मन्नूलाल पुस्तकालय सभागार में शिक्षकों की आमसभा आयोजित की गयी.

विधेयक के प्रभावों पर शिक्षकों ने की चर्चा

आमसभा में प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 के दूरगामी और नकारात्मक प्रभावों पर विस्तार से चर्चा की गयी. शिक्षकों ने विधेयक से विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता पर पड़ने वाले संभावित प्रभावों को लेकर अपनी चिंता जाहिर की. फुटाब, फुस्टाब तथा बिहार के अन्य विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय महासंघों के संयुक्त आह्वान पर राज्यव्यापी विरोध का निर्णय लिया गया है.

गया जी: 3 साल से फरार थे 4 आरोपी, गांव में लौटते ही पुलिस ने दबोचा

10 अगस्त को सामूहिक आकस्मिक अवकाश का फैसला

केंद्रीय निर्णय के आलोक में आमसभा में मौजूद शिक्षकों ने सर्वसम्मति से प्रस्तावित विधेयक के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया. इसके साथ ही 10 अगस्त को एक दिवसीय सामूहिक आकस्मिक अवकाश पर जाने के फैसले का अनुमोदन किया गया. शिक्षक संघ की ओर से इस संबंध में कुलपति को आधिकारिक सूचना भी भेज दी गयी है.

विश्वविद्यालयों की स्वायत्तता को लेकर जतायी आपत्ति

शिक्षकों ने कहा कि प्रस्तावित अधिनियम के तहत स्नातकोत्तर विभागों को राज्यपाल के अधीन और स्नातक कॉलेजों को सीधे राज्य सरकार के नियंत्रण में लाने का प्रावधान है. शिक्षकों के अनुसार इससे विश्वविद्यालयों की ऐतिहासिक स्वायत्तता प्रभावित होगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि शिक्षा जगत इस प्रावधान को स्वीकार नहीं करेगा.

सामूहिक अवकाश पर रहेंगे, लेकिन विश्वविद्यालय परिसर में जुटेंगे

शिक्षक संघ की ओर से कुलपति को भेजे गये पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 10 अगस्त को शिक्षक सामूहिक अवकाश पर रहेंगे, लेकिन विश्वविद्यालय परिसर में ही मौजूद रहेंगे. शिक्षक प्रस्तावित विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 के खिलाफ परिसर में विरोध प्रदर्शन करेंगे.

अंगीभूत कॉलेजों के शिक्षकों से भी आंदोलन में शामिल होने की अपील

आंदोलन को मजबूत बनाने के लिए मगध विश्वविद्यालय के सभी अंगीभूत कॉलेजों के शिक्षकों से भी साझा आंदोलन में भाग लेने का आह्वान किया गया है. शिक्षक संघ ने सभी संबंधित शिक्षकों से 10 अगस्त को आंदोलन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की है.

11 बजे प्रशासनिक भवन के सामने होगा धरना

संघ के अनुसार 10 अगस्त को सभी शिक्षक सुबह 11 बजे विश्वविद्यालय प्रशासनिक भवन के सामने एकत्रित होंगे. यहां विशाल धरना-प्रदर्शन किया जायेगा. इसके बाद कुलपति को शिक्षकों की मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जायेगा.

विश्वविद्यालय प्रशासन से सहयोग की अपेक्षा

शिक्षक संघ ने प्रस्तावित अधिनियम के खिलाफ चलाये जा रहे आंदोलन में विश्वविद्यालय प्रशासन से भी सहयोग की अपेक्षा जतायी है. संघ का कहना है कि विश्वविद्यालय की स्वायत्तता से जुड़े इस मुद्दे पर शिक्षकों की एकजुटता के साथ आंदोलन आगे जारी रहेगा.


विज्ञापन
Kalendra Pratap Singh

लेखक के बारे में

By Kalendra Pratap Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन