गया जी : स्कूल में ताले, शिक्षक मोबाइल में व्यस्त, डीईओ ने वेतन रोका
सांकेतिक तस्वीर
गया के आदर्श विद्यालय में निरीक्षण के दौरान शिक्षक कक्षाओं में नहीं मिले। डीइओ ने प्रधानाध्यापक और शिक्षकों से 24 घंटे में स्पष्टीकरण मांगा और वेतन रोका।
Gaya Ji : उत्क्रमित उच्च विद्यालय घोड़ाघाट स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय), डोभी में कथित लापरवाही और शैक्षणिक कार्यों में उदासीनता को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने कड़ा कदम उठाया है. डीइओ कृष्ण मुरारी गुप्ता ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक सुधाकर कुमार समेत सभी पदस्थापित शिक्षकों से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है. साथ ही तत्काल प्रभाव से सभी का वेतन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है.
गूगल फॉर्म में गतिविधियों की जानकारी नहीं देने का आरोप
शनिवार को जारी पत्र में कहा गया है कि आदर्श विद्यालय में संचालित सभी गतिविधियों की प्रतिदिन गूगल फॉर्म के माध्यम से प्रविष्टि करने का निर्देश दिया गया था. आरोप है कि विद्यालय की ओर से केवल चेतना सत्र से जुड़ी जानकारी ही दर्ज की जा रही थी. अन्य गतिविधियों की जानकारी गूगल फॉर्म में दर्ज नहीं की जा रही थी. इससे विद्यालय की गतिविधियों का अपडेट विवरण कार्यालय और मुख्यालय को उपलब्ध नहीं हो पा रहा था.
7 अगस्त को डीइओ ने किया विद्यालय का निरीक्षण
डीइओ कृष्ण मुरारी गुप्ता ने 7 अगस्त 2026 को दोपहर 2:15 बजे विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया था. निरीक्षण के दौरान पूछताछ करने पर प्रधानाध्यापक के बीआरसी जाने की जानकारी मिली. वहीं विद्यालय के शिक्षक कक्षाओं में मौजूद नहीं थे और एक कमरे में एकत्र होकर बातचीत करने के साथ मोबाइल का इस्तेमाल कर रहे थे.
कक्षा में बच्चे मिले, लेकिन शिक्षक नहीं पढ़ा रहे थे
निरीक्षण के दौरान एक कक्षा में कुछ बच्चे मौजूद मिले. हालांकि, वहां शिक्षक की ओर से कक्षा संचालित नहीं की जा रही थी. वहीं विद्यालय के ऊपरी तल पर स्थित सभी कक्षा-कक्षों में ताला लगा हुआ पाया गया. निरीक्षण के दौरान सामने आयी इन स्थितियों को लेकर शिक्षा विभाग ने गंभीर नाराजगी जतायी है.
कर्तव्य में लापरवाही और आदेश की अवहेलना का मामला
डीइओ ने निरीक्षण में सामने आयी स्थिति को प्रधानाध्यापक और शिक्षकों की कर्तव्य के प्रति लापरवाही माना है. पत्र में उच्चाधिकारी के आदेश की अवहेलना और शैक्षणिक कार्यों के प्रति उदासीनता का भी उल्लेख किया गया है. इसी आधार पर सभी संबंधित शिक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है.
24 घंटे में देना होगा स्पष्टीकरण
जारी पत्र के अनुसार प्रधानाध्यापक को अपना और विद्यालय में पदस्थ सभी शिक्षकों का स्पष्टीकरण निर्धारित समय सीमा के भीतर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है. सभी शिक्षकों को 24 घंटे के अंदर जवाब देना होगा.
जवाब मिलने के बाद होगी आगे की कार्रवाई
शिक्षा विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि संबंधित प्रधानाध्यापक और शिक्षकों का स्पष्टीकरण प्राप्त होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी. फिलहाल सभी का वेतन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है.
ALSO READ: गया के पितृपक्ष मेला की ‘तर्पण’ में लेख छपवाने का मौका, जानें तारीख
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










