गया : परैया स्टेशन पर केबल चोरी के बाद एक्शन, आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त ने किया निरीक्षण, सख्त कार्रवाई के निर्देश
परैया रेलवे स्टेशन पर केबल चोरी की घटना के बाद आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त ने निरीक्षण किया और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
गया-डीडीयू रेलखंड स्थित परैया रेलवे स्टेशन के समीप रेलवे सिग्नलिंग के केबल तार काटे जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के सहायक सुरक्षा आयुक्त ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों और आरपीएफ पदाधिकारियों के साथ पूरे मामले की समीक्षा की तथा सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिये.
असामाजिक तत्वों पर विशेष अभियान चलाने का निर्देश
निरीक्षण के दौरान सहायक सुरक्षा आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि केबल चोरी जैसी घटनाओं में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जाए. उन्होंने कहा कि रेलवे की सिग्नलिंग प्रणाली से जुड़े उपकरणों और केबलों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है. इस तरह की घटनाओं को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
संवेदनशील स्थानों का लिया जायजा
आरपीएफ की टीम ने रेलवे ट्रैक, सिग्नलिंग व्यवस्था और अन्य संवेदनशील स्थानों का भी निरीक्षण किया. अधिकारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिये गये.
छापेमारी जारी, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद आसपास के क्षेत्रों में लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाया जा रहा है. कई संदिग्ध लोगों से पूछताछ की गई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ रही है. रेलवे प्रशासन ने कहा कि दोषियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और रेल परिचालन सुरक्षित एवं सुचारु बना रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










