गयाजी के प्रभावती हॉस्पिटल ने सुरक्षा एजेंसी का कॉन्ट्रैक्ट किया रद्द, 23 गार्डों का नहीं था पुलिस वेरिफिकेशन, अधीक्षक को धमकी देने का आरोप
डॉ सुषमा वर्मा, अधीक्षक, प्रभावती अस्पताल गया जी
Gaya Ji News : गयाजी के प्रभावती अस्पताल ने गंभीर गड़बड़ी और नियमों के उल्लंघन के आरोप में लखनऊ की लायन सिक्योरिटी गार्ड सर्विसेज का अनुबंध तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है.
संजीव कुमार सिन्हा की रिपोर्ट
Gaya Ji News : गया जी स्थित प्रभावती अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर गड़बड़ी, नियमों के उल्लंघन और कथित धोखाधड़ी के आरोपों के बाद लखनऊ की सुरक्षा एजेंसी ‘लायन सिक्योरिटी गार्ड सर्विसेज’ का कॉन्ट्रैक्ट तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दिया है.
हॉस्पिटल कैंपस तुरंत खाली करने का निर्देश
अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा ने एजेंसी को लिखित आदेश जारी कर अस्पताल परिसर को तुरंत खाली करने का निर्देश दिया है. इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग और निजी सुरक्षा एजेंसियों के बीच हलचल तेज हो गई है.
56 सुरक्षाकर्मियों की हुई थी तैनाती, जनवरी से लंबित है वेतन
जानकारी के अनुसार, संबंधित सुरक्षा एजेंसी को 18 नवंबर 2025 को अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. 1 दिसंबर 2025 से एजेंसी ने अस्पताल परिसर में कुल 56 कर्मियों की तैनाती की थी, जिनमें 50 सुरक्षा गार्ड, 5 सुपरवाइजर और 1 इलेक्ट्रिशियन शामिल थे. एजेंसी को दिसंबर 2025 तक के कार्य के लिए 15.41 लाख रुपये का भुगतान भी किया गया था.

हालांकि, बाद के समय के लिए आवश्यक वैधानिक दस्तावेज नहीं दिए जाने के कारण अस्पताल प्रशासन ने आगे के भुगतान पर रोक लगा दी, जिसके चलते सुरक्षाकर्मियों का वेतन जनवरी महीने से लंबित बताया जा रहा है.
23 कर्मियों का पुलिस वेरिफिकेशन ही नहीं था
अस्पताल प्रशासन द्वारा कराई गई आंतरिक जांच में कई गंभीर खामियां सामने आईं. जांच में पाया गया कि तैनात 56 कर्मियों में से केवल 33 के पास ही पुलिस कैरेक्टर सर्टिफिकेट उपलब्ध था, जबकि 23 कर्मियों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया गया था. सबसे चिंताजनक तथ्य यह रहा कि नियुक्ति के समय केवल दो कर्मियों के पास ही वैध कैरेक्टर सर्टिफिकेट था. बाकी के प्रमाण पत्र अस्पताल प्रशासन द्वारा ‘कारण बताओ नोटिस’ (शो-कॉज) जारी किए जाने के बाद जल्दबाजी में बनवाए गए.
लाइसेंस और ईपीएफ समेत कई कागजात नहीं दिए
जांच में यह भी सामने आया कि एजेंसी अनुबंध की शर्तों के अनुरूप पांच प्रतिशत परफॉर्मेंस सिक्योरिटी और बैंक गारंटी जमा नहीं कर सकी. इसके अलावा श्रम विभाग का वैध लाइसेंस, कर्मचारियों की उपस्थिति पंजी (अटेंडेंस रजिस्टर), नियुक्ति पत्र, प्रशिक्षण प्रमाण पत्र, पहचान पत्र और ईएसआई (ESI) एवं ईपीएफ (EPF) से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी अस्पताल प्रशासन को उपलब्ध नहीं कराए गए.

दफ्तर में अभद्र व्यवहार और धमकी का आरोप, बुलानी पड़ी पुलिस
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब 18 मई को एजेंसी ने पत्र भेजकर अस्पताल परिसर में किसी भी अप्रिय घटना की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद 4 जून को एजेंसी संचालक द्वारा अस्पताल अधीक्षक के कार्यालय में पहुंचकर कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने और धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया. स्थिति तनावपूर्ण होने पर अस्पताल प्रशासन को सुरक्षा के लिए पुलिस बल बुलाना पड़ा.
जिला प्रशासन और BMSICL को भेजी गई रिपोर्ट
अस्पताल अधीक्षक डॉ. सुषमा वर्मा ने कहा कि एजेंसी के इस व्यवहार के कारण अस्पताल परिसर में डर और असुरक्षा का माहौल पैदा हो गया है. उन्होंने पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, श्रम विभाग और बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉरपोरेशन लिमिटेड (BMSICL) को भेज दी है. साथ ही पीएसएआरए (PSARA) मानकों के अनुरूप नई और विश्वसनीय सुरक्षा एजेंसी की नियुक्ति के लिए प्रस्ताव भी भेजा गया है.
मामले की जांच जारी
अस्पताल प्रशासन का आरोप है कि अनुबंध समाप्त किए जाने के बावजूद एजेंसी के कुछ लोग अब भी अस्पताल परिसर में अवैध रूप से डटे हुए हैं. इस संबंध में दो बार सिविल लाइंस थाना को भी लिखित सूचना दी जा चुकी है. फिलहाल मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
Also Read: गया जी के दिव्य अभिषेक बने SDM: BPSC में 1070वीं रैंक, मां के सपने को किया पूरा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Suryakant Kumar
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे गया, औरंगाबाद, कैमूर और बक्सर जिलों से जुड़ी हाइपरलोकल खबरों, शिक्षा, रोजगार, प्रशासनिक गतिविधियों और जनसरोकार के विषयों पर समाचार लेखन का कार्य कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










