गयाजी में करंट की चपेट में आकार झुलसा किशोर, ग्रामीणों की सूझबूझ से बची जान
सांकेतिक तस्वीर
Gaya Ji News: गया के शेरघाटी प्रखंड के हरना गांव में मवेशी चराने गया एक किशोर बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसकी जान बचाई, जिसके बाद उसे शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
शेरघाटी से नवीन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
Gaya Ji News : गया जिले के शेरघाटी प्रखंड अंतर्गत हरना गांव से एक बड़ी लापरवाही की खबर सामने आई है. यहाँ गुरुवार को एक किशोर बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हालांकि, समय रहते स्थानीय लोगों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और किशोर की जान बच गई.
मवेशी चराने के दौरान पोल के संपर्क में आया किशोर
मिली जानकारी के अनुसार, घायल किशोर की पहचान हरना गांव निवासी सनोज कुमार के रूप में हुई है. घटना उस समय हुई जब वह रोज की तरह गांव के पास ही मैदान में जानवर चराने गया था. मवेशी चराने के दौरान वह अचानक बिजली के एक पोल के संपर्क में आ गया. उस पोल में किसी तकनीकी खराबी या जर्जर तार की वजह से करंट प्रवाहित हो रहा था. करंट लगते ही किशोर तड़पने लगा और जोर-जोर से चिल्लाने लगा.
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, अस्पताल में चल रहा है इलाज
किशोर की दर्दभरी आवाज सुनकर आसपास के खेतों में मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर दौड़े. ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए अपनी तत्परता दिखाई और सूझबूझ से काम लेते हुए किसी तरह किशोर को विद्युत प्रवाहित पोल से अलग किया. इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत परिजनों को दी गई. परिजन आनन-फानन में घायल सनोज को इलाज के लिए शेरघाटी अनुमंडलीय अस्पताल ले गए, जहां उसे भर्ती कर डॉक्टरों की देखरेख में उपचार शुरू किया गया. डॉक्टरों के अनुसार, किशोर की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है.
समय पर मदद मिलने से टला बड़ा हादसा
अस्पताल में मौजूद घायल किशोर की मां संजोगा देवी ने बताया कि उनका बेटा जानवर चराने के लिए बाहर गया था. इसी बीच वह गलती से बिजली के पोल के करीब चला गया, जिसमें करंट उतर आया था. उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि अगर समय रहते ग्रामीणों की मदद नहीं मिलती तो कुछ भी अनहोनी हो सकती थी, ग्रामीणों की सतर्कता से आज उनके बेटे की जान बची है.
बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों में भारी आक्रोश
इस हादसे के बाद से हरना गांव के ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ गहरा आक्रोश देखा जा रहा है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग के अधिकारी जांच के नाम पर ग्रामीणों को खूब परेशान करते हैं, लेकिन जब जर्जर तारों और करंट प्रवाहित पोलों को दुरुस्त करने की बात आती है, तो कोई सुध लेने नहीं पहुंचता है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे इलाके की बिजली व्यवस्था की जांच करने और खतरनाक जर्जर पोल-तारों को तुरंत ठीक करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं हो.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Suryakant Kumar
सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










