गया जी: गुरुआ में विवाहिता की मौत के बाद दहेज उत्पीड़न का मामला, सास-ससुर समेत तीन गिरफ्तार
गुरुआ थाना
गया के गुरुआ थाना क्षेत्र से दहेज उत्पीड़न का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक विवाहिता की मौत के बाद ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगे हैं. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सास-ससुर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है.
Gaya Ji News: गुरुआ थाना क्षेत्र के गडेरी बिगहा गांव में एक विवाहिता की मौत के बाद दहेज उत्पीड़न का मामला सामने आया है. घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के लोग शव को गया स्थित विष्णुपद श्मशान घाट ले गए. इसी दौरान घटना की जानकारी मृतका के मायके वालों को हुई, जिसके बाद परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना गुरुआ पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया भेज दिया.
मायके वालों ने दहेज उत्पीड़न का लगाया आरोप
घटना की सूचना मिलने के बाद मृतका के मायके में भी कोहराम मच गया. परिजनों ने विवाहिता की मौत को लेकर ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए गुरुआ थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है. गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार एवं एसआई निधि कुमारी ने बताया कि मृतका की पहचान गडेरी बिगहा गांव निवासी राहुल कुमार की 25 वर्षीय पत्नी पूजा कुमारी के रूप में हुई है. मृतका के परिजनों के बयान के आधार पर दहेज उत्पीड़न से संबंधित मामला दर्ज किया गया है.
सास-ससुर समेत तीन आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका की सास और ससुर समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ करने के साथ ही मामले की गहन जांच कर रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









