गया जी: PM मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन से उद्योग जगत उत्साहित, बिहार के कारोबार को वैश्विक बाजार से जोड़ने की मांग
प्रधानमंत्री मोदी का स्वतंत्रता दिवस संबोधन आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी उत्पादों और वैश्विक व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एक दूरदर्शी और उत्साहवर्धक पहल है।
Gayaji News : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वतंत्रता दिवस संबोधन को व्यापार, उद्योग और उद्यमिता जगत के लिए उत्साहवर्धक और दूरदर्शी बताते हुए सेंट्रल बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष प्रमोद कुमार भदानी ने इसका स्वागत किया है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ भारतीय उद्योगों को घरेलू बाजार से आगे वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान बनाने का आह्वान किया है.
MSME को वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर
भदानी ने कहा कि विभिन्न देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौतों से पैदा हुए अवसरों का लाभ सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों और भारतीय उद्यमियों तक पहुंचाने की बात महत्वपूर्ण है. इससे भारतीय उत्पादों के लिए वैश्विक बाजार के अवसर बढ़ेंगे और छोटे एवं मध्यम उद्योगों को निर्यात विस्तार में मदद मिलेगी.
विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करने की जरूरत
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा विनिर्माण क्षेत्र को विकसित भारत की प्रमुख शक्तियों में शामिल करना स्वागतयोग्य है. लागत, गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता पर जोर देकर भारतीय उत्पादों को विश्वस्तरीय बनाने, बेहतर पैकेजिंग और दोषरहित उत्पादन की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश उद्योग जगत को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने वाला है.
कृषि और खाद्य प्रसंस्करण में बिहार के लिए बड़ा अवसर
चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को विश्व बाजार से जोड़ने तथा भारतीय मसालों, मोटे अनाज, फलों और अन्य खाद्य उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल बिहार जैसे कृषि प्रधान राज्य के लिए बड़ी संभावना पैदा करती है. इससे किसानों के साथ खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों, व्यापारियों और निर्यातकों को भी लाभ मिल सकता है.
बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर से घटेगी कारोबार की लागत
उन्होंने कहा कि आधुनिक राजमार्ग, रेलवे, हवाई अड्डे, अंतर्देशीय जलमार्ग और मल्टी-मोडल माल परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने से उद्योग एवं व्यापार की लागत कम होगी. साथ ही सामान को तेजी से बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
AI और तकनीकी कौशल से युवाओं को मिलेगा लाभ
प्रमोद कुमार भदानी ने कहा कि नवाचार, तकनीक, नए उद्यम और युवाओं का कौशल विकास भविष्य के भारत की प्रमुख ताकत हैं. कृत्रिम बुद्धिमत्ता सहित नई तकनीकों में युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल से उद्योगों को भविष्य के लिए कुशल मानव संसाधन उपलब्ध होंगे.
बिहार के उद्योगों के लिए विशेष कार्ययोजना बनाने की मांग
चैंबर ने कहा कि केंद्र सरकार के साथ राज्य सरकार और स्थानीय निकायों को भी पुराने नियमों एवं व्यवस्थाओं में तेजी से सुधार करना चाहिए. कारोबार की वास्तविक सुगमता तभी संभव है, जब सुधारों का लाभ जमीनी स्तर पर व्यापारियों और उद्योगपतियों तक आसानी से पहुंचे. बिहार के कृषि उत्पाद, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग, MSME और स्थानीय ब्रांडों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने के लिए राज्य स्तर पर विशेष कार्ययोजना तैयार की जानी चाहिए.
भदानी ने कहा कि आत्मनिर्भरता, स्वदेशी उत्पादन, मजबूत MSME, आधुनिक आधारभूत संरचना, तकनीक, नवाचार और वैश्विक बाजार से जुड़ाव का रास्ता भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में निर्णायक भूमिका निभाएगा. व्यापारी और उद्योग जगत विकसित भारत के संकल्प में सरकार के साथ सहभागी बनने के लिए प्रतिबद्ध है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










