लहरिया कट बाइक चलाने से मना करने पर बदमाशों ने की फायरिंग और मारपीट, दो घायल

घटना में घायलों की तस्वीर
Bihar News: बिहार के गयाजी जिले में लहरिया कट बाइक चलाने से मना करने पर बदमाशों ने जमकर फायरिंग की. इतना ही नहीं, जिन लोगों ने मना किया उनके साथ मारपीट भी की. इस घटना में दो लोग घायल हो गए हैं, जिनका इलाज अस्पताल में जारी है.
Bihar News: गयाजी में शेरघाटी थाना इलाके के झौर गांव में एक युवक की लापरवाही ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया. लहरिया कट बाइक चलाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प और फायरिंग में बदल गया. घटना में दो ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है.
युवक को समझाने पर बढ़ा विवाद
बताया जाता है कि एक युवक पिछले कुछ दिनों से बाइक को तेज रफ्तार में गांव की गलियों में लहरिया कट मारकर चला रहा था. इससे ग्रामीणों में आक्रोश था, क्योंकि इससे बच्चों और बुजुर्गों की जान को खतरा बना हुआ था. इसी को लेकर प्रमोद प्रजापति, दीपक कुमार समेत कुछ ग्रामीणों ने युवक को समझाने की कोशिश की. लेकिन युवक गुस्सा हो गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया.
साथियों के साथ मिलकर 3 राउंड की फायरिंग
इसी दौरान युवक ने फोन कर अपने साथियों को बुला लिया. कुछ ही देर में तीन बाइक पर सवार करीब 6 बदमाश गांव पहुंच गए और आते ही करीब तीन राउंड हवाई फायरिंग कर दी. पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने बंदूक के बट से हमला कर प्रमोद प्रजापति और दीपक कुमार को गंभीर रूप से घायल कर दिया. घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए.
प्रभारी थानाध्यक्ष ने मामले में क्या कहा?
घटना को लेकर मौके से एक खोखा और एक बाइक बरामद होने की सूचना है. घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है. प्रभारी थानाध्यक्ष रूपा कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.
(शेरघाटी से नवीन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट )
Also Read: पटना में अपराधी का एनकाउंटर, पुलिस ने दिलीप कुमार के पैर में मारी गोली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Preeti Dayal
डिजिटल जर्नलिज्म में 3 साल का अनुभव. डिजिटल मीडिया से जुड़े टूल्स और टेकनिक को सीखने की लगन है. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं. बिहार की राजनीति और देश-दुनिया की घटनाओं में रुचि रखती हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




