गोलीकांड में फरार आरोपित के घर पर चिपकाया इश्तेहार

19 जुलाई 2025 को डॉ तपेश्वर प्रसाद को बदमाशों ने मारी थी गोली
19 जुलाई 2025 को डॉ तपेश्वर प्रसाद को बदमाशों ने मारी थी गोली 10 माह बाद पुलिस सख्त, मुख्य आरोपित समेत छह जेल में बंद, फरार की तलाश तेज प्रतिनिधि, शेरघाटी. स्वास्थ्य विभाग के रिटायर्ड निदेशक डॉ तपेश्वर प्रसाद पर गोलीबारी के मामले में करीब 10 माह बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. इसी कड़ी में फरार आरोपित रमना निवासी अभय कुमार उर्फ भोलू विश्वकर्मा के घर पर इश्तेहार चिपकाया गया है. बताया जाता है कि इस मामले में अब तक मुख्य आरोपित दानिश इकबाल समेत कुल छह आरोपित जेल में बंद हैं. एक आरोपित सतीश उर्फ चंदन मांझी, जो कजरसोत गांव का निवासी है, पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया था. मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया था. घटना 19 जुलाई 2025 की सुबह करीब 8.15 बजे की है, जब शहर के शेखपुरा मुहल्ले स्थित महपतापुर मोड़ के पास हथियारबंद तीन बदमाशों ने डॉ तपेश्वर प्रसाद को गोली मार दी थी. उस समय वे अपने बगीचे से लौट रहे थे. अपराधी अपाचे बाइक पर सवार होकर आये थे. इसे घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गये थे. पुलिस के अनुसार, डॉ तपेश्वर प्रसाद और उनके पुत्र डॉ शशि रंजन के बीच पिछले छह वर्षों से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है. इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से मारपीट और अन्य आरोपों को लेकर करीब आठ मुकदमे भी दर्ज कराये गये हैं. पुलिस इस विवाद को भी घटना से जोड़कर जांच कर रही है. इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई में कांड के अनुसंधान पदाधिकारी सब इंस्पेक्टर मो इम्तियाज, भारत यादव, रवि राजकुमार, संतोष राम और राजकिशोर सिंह समेत पुलिस बल के अन्य जवान शामिल रहे. पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




