पावर सब-स्टेशन से लाइन कटवाकर आराम से निकाले पार्ट्स, फिर ट्रांसफॉर्मर नोचकर खेत में फेंका

Published by :PRANJAL PANDEY
Published at :18 Apr 2026 10:21 PM (IST)
विज्ञापन
पावर सब-स्टेशन से लाइन कटवाकर आराम से निकाले पार्ट्स, फिर ट्रांसफॉर्मर नोचकर खेत में फेंका

गुरुआ थाना क्षेत्र के रुपनचक सेसारी गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने गांव की बिजली सप्लाइ का ट्रांसफॉर्मर ही चोरी कर लिया.

विज्ञापन

गुरुआ. गुरुआ थाना क्षेत्र के रुपनचक सेसारी गांव में शुक्रवार की रात चोरों ने गांव की बिजली सप्लाइ का ट्रांसफॉर्मर ही चोरी कर लिया. इस घटना ने न सिर्फ पूरे गांव को अंधेरे में धकेल दिया है, बल्कि बिजली विभाग के कर्मचारियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं. इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाला तथ्य बिजली का कटना और जुड़ना है. स्थानीय मुखिया चितरंजन कुमार और ग्रामीणों के अनुसार, चोरी से ठीक पहले गांव की बिजली सप्लाइ बंद की गयी. इसके बाद आराम से इत्मीनान के साथ ट्रांसफॉर्मर को नीचे उतारा गया, उसके भीतर से तांबे के तार और अन्य बेसकीमती पार्ट्स निकाले गये. जब चोरों का काम पूरा हो गया और वे ट्रांसफॉर्मर का खाली ढांचा खेत में फेंक कर निकल गये, तब जाकर बिजली दोबारा चालू कर दी गयी.

मुखिया ने लगाया सीधी मिलीभगत का आरोप

स्थानीय मुखिया चितरंजन कुमार ने इस घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए इसे एक बेहद गंभीर मामला बताया है. उन्होंने स्पष्ट रूप से विभागीय कर्मियों की मिलीभगत की आशंका जतायी है. उनका कहना है कि जिस सलीके और समय की पाबंदी के साथ इस वारदात को अंजाम दिया गया, वह बिना किसी अंदर के आदमी के सहयोग के हो ही नहीं सकता.

अंधेरे में गांव, जांच की मांग

ट्रांसफॉर्मर की चोरी हो जाने से रुपनचक सेसारी गांव में बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है. भीषण गर्मी के बीच पूरा गांव अंधेरे में रहने को मजबूर है, जिससे लोगों में भारी आक्रोश पनप रहा है. ग्रामीणों ने बिजली विभाग के आला अधिकारियों और पुलिस से इस पूरे सिंडिकेट की उच्चस्तरीय जांच करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सिर्फ नया ट्रांसफॉर्मर लगाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि सब-स्टेशन के ड्यूटी चार्ट की जांच कर उन कर्मचारियों की पहचान होनी चाहिए, जिन्होंने इस चोरी के लिए शटडाउन दिया था.

क्या कहते हैं अधिकारी

इस संबंध में बिजली विभाग के जेई रामकृष्ण मनी ने बताया कि इसकी सूचना मिलते ही जांच कर प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. वहीं थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गयी है.

विज्ञापन
PRANJAL PANDEY

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन