सीएसपी लूटकांड में तीन बदमाश गिरफ्तार, हथियार बरामद

खुलासा. पाकरडीह पीएनबी के सीएसपी में आठ अप्रैल को हुई थी लूटपाट
खुलासा. पाकरडीह पीएनबी के सीएसपी में आठ अप्रैल को हुई थी लूटपाट प्रतिनिधि, इमामगंज. इमामगंज थाना क्षेत्र के पाकरडीह बाजार स्थित पीएनबी के सीएसपी में पिछले आठ अप्रैल को हुई लूट का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है. इस मामले में पुलिस ने हथियार के साथ तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है. डीएसपी कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान डीएसपी कमलेश कुमार ने बताया कि एसएसपी सुशील कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध हथियार रखने वालों और तस्करों के खिलाफ लगातार विशेष छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत 19 अप्रैल को इमामगंज थाना को सूचना मिली कि विश्रामपुर पुल के पास तीन संदिग्ध व्यक्ति हथियार के साथ किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना के सत्यापन के लिए उनके नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें थानाध्यक्ष अमित कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी शामिल किये गये. टीम ने विश्रामपुर पुल के पास वाहन जांच शुरू की. इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन सशस्त्र बल की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आमस थाना क्षेत्र के बनाही के बिंदु पासवान, शेरघाटी थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी राहुल पासवान और शेरघाटी थाना क्षेत्र के बीटी बिगहा के मृत्युंजय पासवान के रूप में हुई है. इनकी तलाशी के दौरान बिंदु पासवान के पास से एक देसी कट्टे, एक जिंदा कारतूस और मोबाइल बरामद हुआ. राहुल पासवान के पास से 3500 रुपये और मृत्युंजय पासवान के पास से एक मोबाइल फोन मिला. बदमाशों ने स्वीकारी संलिप्तता पूछताछ में तीनों आरोपितों ने पाकरडीह स्थित पीएनबी के सीएसपी में हुई दो लाख सात हजार रुपये की लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने बरामद हथियारों के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपितों से गहन पूछताछ जारी है, ताकि उनके अन्य साथियों और गिरोह के बारे में जानकारी मिल सके. डीएसपी ने कहा कि पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से अपराधियों का मनोबल टूटेगा और क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा. इस अभियान में एसआइ पवन कुमार, एएसआइ योगेंद्र पाल सहित अन्य पुलिसकर्मी भी शामिल रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




