फतेहपुर के शिक्षक की औरंगाबाद में पुल से सोन नदी में गिरने से मौत

तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे, पुल पर हादसा बना काल
शव पहुंचते ही गांव में मचा कोहराम तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे, पुल पर हादसा बना काल प्रतिनिधि, फतेहपुर. प्रखंड के मध्य विद्यालय भारे में कार्यरत शिक्षक 48 वर्षीय शंभु कुमार की औरंगाबाद जिले के बरुण स्थित सोन नदी में गिरने से मौत हो गयी. घटना शनिवार की देर रात की है. रविवार को उनका शव पोस्टमार्टम के बाद गांव पहुंचा, तो पूरे गांव में कोहराम मच गया. शंभु कुमार अपने मृदुल स्वभाव के लिए जाने जाते थे. उनकी मौत से शिक्षक संघ सहित हर वर्ग के लोग शोक में डूब गये. रविवार की सुबह गांव के पास स्थित ढाढ़र नदी के तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. शंभु कुमार अपने गांव के ही एक व्यक्ति की बेटी के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए बस से रोहतास जा रहे थे. बारूण के पास सोन नदी पुल पर भीषण जाम लग गया, जिससे उनकी बस फंस गयी. गर्मी अधिक होने के कारण शंभु ने अपने दोस्तों से कहा कि उन्हें गर्मी लग रही है और वे पैदल कुछ दूरी तय करें. इसी दौरान पुल के किनारे बने फुटपाथ पर शंभु अपने दोस्तों के साथ आगे चल रहे थे. फुटपाथ पर दो स्लैब गायब थे, जिसके कारण शंभु अनियंत्रित होकर सीधे नदी में गिर पड़े. लगभग सत्तर फुट नीचे गिरने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी. उनके दोस्तों ने काफी मशक्कत के बाद नदी में उतरकर शव को करीब डेढ़ किलोमीटर दूर से बाहर निकाला. इस घटना के बाद तिलक समारोह की खुशियां मातम में बदल गयीं.दोस्तों के अनुसार, शंभु कुमार के सिर में गंभीर चोट के निशान थे तथा नाक और मुंह से खून निकल रहा था.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




