ग्रामीण चिकित्सकों पर होगी कार्रवाई

Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 30 Aug 2024 11:08 PM

विज्ञापन

दो मासूमों की डायरिया से मौत के बाद सिविल सर्जन पहुंचे आमस के लालाडीह

विज्ञापन

दो मासूमों की डायरिया से मौत के बाद सिविल सर्जन पहुंचे आमस के लालाडीह

आमस़

प्रखंड क्षेत्र की झरी पंचायत के लालाडीह गांव में गुरुवार को दो मासूमों की डायरिया से हुई मौत के बाद शुक्रवार को सिविल सर्जन रंजन कुमार सिंह पहुंचे और मृतक बच्चों के परिजनों के अलावा डायरिया से पीड़ित लोगों से मुलाकात की. सिविल सर्जन करीब दो घंटों तक गांव में रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुना. उन्होंने ग्रामीणों को गंदगी से बचने, साफ-सफाई का ख्याल रखने, ताजा भोजन खाने और दूषित पानी नहीं पीने की सलाह दी. इस दौरान सिविल सर्जन ने विभिन्न चापाकलों को चला कर यह देखा कि पानी में गंदगी तो नहीं आ रहा है. सिविल सर्जन ने आमस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को इलाज के संबंध में आवश्यक निर्देश दिये. बता दें कि गुरुवार को लालाडीह निवासी बाबू लाल भुइयां की आठ वर्षीय पुत्री सोनी कुमारी और अरविंद कुमार के सात वर्षीय पुत्र आसीत कुमार की मौत डायरिया से हो गयी थी. मौत के बाद गया से एनसीडी ऑफिसर डॉ एमइ हक और आमस बीडीओ नीरज कुमार रॉय मेडिकल टीम के साथ गांव में पहुंचे थे.

पानी जांच के लिए लिया गया सैंपल

लालाडीह में शुक्रवार को आमस बीडीओ नीरज कुमार रॉय भी पहुंचे. उन्होंने बताया कि पीएचइडी के जेइ ने पानी जांच के लिए सैंपल लिया है. उन्होंने बताया कि शेरघाटी एसडीओ सारा अशरफ ने पीएचइडी को नल-जल की टंकी की सफाई का भी आदेश दिया है. लोगों का मानना है कि नल-जल की जो टंकी लगी है, उसकी सफाई काफी दिनों से नहीं हुई है. इसके कारण गंदा पानी पीने से भी लोग बीमार पड़ रहे हैं. इसके अलावा चापाकलों से भी गंदा पानी निकलने की आशंका व्यक्त की जा रही है.

सरकारी अस्पताल जाने से रोका

गया के सिविल सर्जन ने झरी पंचायत क्षेत्र के ग्रामीण चिकित्सकों पर कार्रवाई की बात कही है. आमस बीडीओ नीरज कुमार रॉय ने बताया कि शुक्रवार को लालाडीह पहुंचे सिविल सर्जन ने इलाके के वैसे ग्रामीण चिकित्सकों पर कार्रवाई करने को कहा है, जो इस मामले में दोषी हैं. बताया जाता है कि ग्रामीण चिकित्सक ने डायरिया पीड़ितों को सरकारी अस्पताल जाने से रोका था.

अभी भी दर्जनों लोग डायरिया से पीड़ित

झरी पंचायत क्षेत्र में अभी भी दर्जनों लोग डायरिया से पीड़ित हैं. झरी के मुखिया प्रतिनिधि दीपू सिंह ने बताया कि दर्जनों लोगों का इलाज किया जा रहा है. गुरुवार की रात्रि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पीड़ित लोगों के साथ रहे दीपू सिंह ने बताया कि अब लोगों की स्थिति में कुछ सुधार हो रही है. लालाडीह पहुंचे डॉ महेश ने बताया कि अस्पताल में लगभग डेढ़ दर्जन लोगों का इलाज किया जा रहा है. लालाडीह में भी कैंप लगा कर इलाज किया गया है. लालाडीह पीओ विजय कुमार सिन्हा भी पहुंचे थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन