उदासीनता. 40 हजार घरों में सप्लाइ ही नहीं
Author :Prabhat Khabar Digital Desk
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Updated at :16 Jun 2016 8:38 AM
विज्ञापन

गया: जिले के शहरी इलाकों में 40 हजार घरों में सप्लाइ का पानी नहीं मिल पा रहा है. मुख्यमंत्री हर घर नल योजना के लिए तैयार किये गये प्रतिवेदन में इसका खुलासा हुआ है. हालांकि, नगर निगम क्षेत्र में नयी पाइपलाइन विस्तार का थोड़ा काम कराया गया है. फिर भी, वर्षों पहले नगर निगम क्षेत्र […]
विज्ञापन
गया: जिले के शहरी इलाकों में 40 हजार घरों में सप्लाइ का पानी नहीं मिल पा रहा है. मुख्यमंत्री हर घर नल योजना के लिए तैयार किये गये प्रतिवेदन में इसका खुलासा हुआ है. हालांकि, नगर निगम क्षेत्र में नयी पाइपलाइन विस्तार का थोड़ा काम कराया गया है. फिर भी, वर्षों पहले नगर निगम क्षेत्र में बिछायी गयी पाइपलाइन की हालत वैसे ही खराब हो गयी है.
इसकी मरम्मत कराने की कोई पहल भी नहीं की जा रही है. पुरानी पाइपलाइन वाले इलाके में नल से गंदा पानी आने की हर रोज शिकायत मिलती रहती है. नगर पंचायत इलाके में स्थिति तो और बुरी है. हर रोज पेयजल संकट को लेकर आंदोलन हो रहा है. जिले में शेरघाटी, टिकारी व बोधगया नगर पंचायत अपने-अपने इलाके का काम देख रहे हैं.
ठीक से कनेक्शन भी नहीं लगा : टिकारी नगर पंचायत में भी हालत कुछ अलग नहीं है. यहां पेयजल आपूर्ति की पूरी व्यवस्था नगर पंचायत के जिम्मे है. नगर पंचायत इलाके में किसी के घर में विधिवत कनेक्शन नहीं दिया गया है. कनेक्शन के लिए टिकारी नगर पंचायत कार्यालय में तीन सौ से अधिक आवेदन लंबित हैं. मुख्यमंत्री हर घर नल योजना की घोषणा के बाद लोगों में कुछ आस जगी है.
हर घर नल योजना को पूरा करने के लिए नगर निगम व नगर पंचायत द्वारा अपने क्षेत्र में आनेवाले मकानों के सर्वे के लिए 15 से 21 जून तक समय-सीमा निर्धारित की गयी है. इसके लिए बड़ी संख्या में सर्वेयर व सुपरवाइजर प्रतिनियुक्त किये गये हैं.
हर रोज बरबाद हो रहा हजारों लीटर पानी
शेरघाटी में पेयजल व्यवस्था के नाम पर पीएचइडी द्वारा दो जलमीनार बनाये गये हैं, पर लोगों तक इसका फायदा नहीं पहुंच पा रहा है. जलमीनार से पाइप द्वारा स्टैंड पोस्ट लगा कर जलापूर्ति दी जा रही है, पर इसमें नल नहीं लगे होने के कारण हजारों लीटर पानी हर रोज यों ही बरबाद हो रहा है.
सर्वे के बाद तेजी से होगा काम
नगर निगम इलाके में मुख्यमंत्री हर घर नल योजना के तहत काम शुरू कराने के लिए सर्वे का काम चालू कर दिया गया है. नगर आयुक्त ने कर्मचारियों को जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया है. योजना में सर्वे पूरा होने के बाद काम शुरू कर दिया जायेगा. ऐसे भी नगर निगम क्षेत्र में पहले से हर घर को वाटर सप्लाइ मुहैया कराने के लिए जोर-शोर से काम चल रहा है.
राकेश कुमार सिंह, कार्यपालक अभियंता, जल पर्षद
हर घर नल योजना में पीएचइडी को सिर्फ फ्लोराइड प्रभावित 84 पंचायतों में काम कराना है. ग्रामीण इलाकों में भी यह योजना पंचायत को दी जा रही है. इसके अलावा पीएचइडी के पास सिर्फ चापाकल मरम्मत का काम बच जायेगा. फिलहाल, बोधगया व शेरघाटी नगर पंचायत इलाके में जलापूर्ति का काम देखा जा रहा है. इस व्यवस्था का संचालन जल्द ही नगर पंचायत को सौंप दिया जायेगा.
चंदेश्वर राम, कार्यपालक अभियंता, पीएचइडी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन










