Darbhanga: सारा मोहम्मद में डायरिया से दो लोगों की मौत

Edited by RANJEET THAKUR
Updated:
विज्ञापन

सारा मोहम्मद गांव में डायरिया फैलने से वार्ड पांच की स्थिति चिंताजनक बन गई है. यहां डायरिया से पिछले तीन दिनों में दो लोगों की मौत हो चुकी है.

विज्ञापन

सदर. सारा मोहम्मद गांव में डायरिया फैलने से वार्ड पांच की स्थिति चिंताजनक बन गई है. यहां डायरिया से पिछले तीन दिनों में दो लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं सौ से अधिक लोग आक्रांत बताये जा रहे हैं. मृतकों की पहचान वार्ड पांच निवासी राजकुमार साह की पत्नी लक्ष्मी देवी (35) व दीप लाल यादव (60) के रूप में हुई है. स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार गत 14 सितंबर को अर्जुन पासवान को दस्त और उल्टी की शिकायत हुई. शुरुआत में इसे साधारण बीमारी समझा गया, लेकिन एक सप्ताह के भीतर पूरा वार्ड इसके संक्रमण के चपेट में आ गया. आक्रांत लोगों को निजी व सरकारी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है. प्रमुख उदय सहनी ने बताया कि डायरिया के फैलने की जानकारी सुबह मिलते ही त्वरित पहल की गयी. पंचायत स्तर पर लोगों को अलर्ट किया गया. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. डायरिया पीड़ित दो लोगों की मौत हो चुकी है और करीब सौ लोग इलाजरत हैं. इधर जानकारी मिलते ही सीएस डॉ अरुण कुमार वार्ड पांच व छह में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा कैंसर अस्पताल के एक भवन में विशेष चिकित्सा कैंप की व्यवस्था करायी. गुरुवार को शिविर के माध्यम से 17 मरीजों का इलाज किया गया. सीएस ने बताया कि स्थिति अब नियंत्रण में है. सभी प्रभावित परिवारों को घर-घर जाकर ओआरएस के साथ आवश्यक दवा दी जा रही है. गंभीर मरीजों को डीएमसीएच रेफर किया गया है. सीएस ने बताया कि 70 से 72 लोग संक्रमित हैं, परंतु स्थिति अब पहले की अपेक्षा बेहतर हो रही है. वहीं मृतका लक्ष्मी देवी के पति राजकुमार साह ने बताया कि वे काम पर थे. जानकारी मिली कि पत्नी को उल्टी-दस्त हो रहा है. तत्काल घर लौटे और उसे इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां से डीएमसीएच रेफर कर दिया गया. वहां पत्नी सुबह तक सामान्य थी, लेकिन पानी पीने के बाद उसकी मौत हो गयी. गांव में संक्रमण को देखते चूना-ब्लीचिंग का भी छिड़काव कराया जा रहा है. ग्रामीणों ने स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था कराने, नियमित स्वास्थ्य जांच और संक्रमण नियंत्रण के लिए स्थायी उपाय किये जाने की मांग प्रशासन से की है. इधर, युवा राजद के महानगर अध्यक्ष राकेश नायक ने इसे प्रशासनिक विफलता करार देते हुए कहा कि शहरी विधानसभा क्षेत्र में डायरिया फैलना व्यवस्था पर सीधा सवाल है. लगातार नये लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं, विभाग सिर्फ रोकथाम का दिखावा कर रहा है. अब तक दो लोगों की जान भी चली गयी है. जल्द इस पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम अगर नहीं उठाया गया तो राजद सड़क पर उतरेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RANJEET THAKUR

लेखक के बारे में

By RANJEET THAKUR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन