Darbhanga: अगले माह आठ से 25 अक्तूबर तक दरभंगा- मुंबई के बीच आठ विमानों का होगा आवागमन

Edited by RANJEET THAKUR
Updated:
विज्ञापन

त्योहार के मौसम में घर लौटने वालों के लिए राहत भरी खबर है. अगले माह आठ से 25 अक्तूबर तक दरभंगा से मुंबई के बीच आठ विमानों का आवागमन होगा.

विज्ञापन

दरभंगा. त्योहार के मौसम में घर लौटने वालों के लिए राहत भरी खबर है. अगले माह आठ से 25 अक्तूबर तक दरभंगा से मुंबई के बीच आठ विमानों का आवागमन होगा. दीपावली और छठ के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है. लोग आसानी से अपने घर आ पाएंगे. जानकारी के अनुसार स्पाइसजेट रोजाना चार विमानों की सर्विस देगा. वहीं अकासा के दो एवं इंडिगो का सप्ताह में चार दिन दो-दो फ्लाइट का आना- जाना होगा.

महंगा टिकट के कारण घर आना हो गया था मुश्किल

जानकारी के अनुसार बीते दिनों दरभंगा से मुंबई का किराया आसमान छू रहा था. एक टिकट का दाम 38 हजार रुपये तक पहुंच गया था. महंगे किराए के कारण लोगों के लिए घर आना मुश्किल हो गया था. नयी घोषणा से अब बड़ी राहत मिली है. टिकट का दाम घटकर 16 हजार रुपये तक पहुंच गया है. इससे यात्रियों में खुशी देखी जा रही है.

मांग बढ़ने के साथ बढ़ जाता टिकट का दाम

एयरलाइंस कंपनियों ने त्योहारों की भीड़ को देखते हुए फिलहाल टिकट का दाम कम किया है, लेकिन यात्रा की तारीख नजदीक आने पर किराए में पुनः वृद्धि की संभावना है. एयरलाइंस से जुड़े लोगों का कहना है कि मांग बढ़ने के साथ ही टिकट का दाम भी बढ़ता जाएगा. यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि त्योहार पर घर आने की योजना बना रहे हैं, तो समय रहते टिकट बुक करा लें.

रेलवे में कन्फ़र्म टिकट नहीं मिलने पर मिलेगा विकल्प

दरभंगा एयरपोर्ट के लिए मुंबई सबसे व्यस्त रूटों में से एक है. इस मार्ग पर त्योहार के मौसम में टिकट मिलना सबसे कठिन होता है. इस बार आठ से 25 अक्तूबर तक प्रतिदिन अतिरिक्त विमानों का संचालन यात्रियों को बड़ी सहूलियत देगा. रेलवे में कन्फर्म टिकट नहीं मिलने की समस्या के बीच हवाई मार्ग से घर लौटना आसान होगा. यात्रियों का कहना है कि टिकट दर में कमी से उनका सफर आसान हो गया है. पहले जहां केवल जरूरी काम के कारण महंगे टिकट खरीदने को विवश थे, अब सामान्य लोग भी हवाई यात्रा की योजना बना पायेंगे.

यात्री संख्या में उछाल की बढ़ी उम्मीद

एयरपोर्ट अधिकारियों को उम्मीद है कि दीपावली और छठ के दौरान दरभंगा से आवागमन करने वाले यात्रियों की संख्या रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच सकती है. इससे एयरलाइंस समेत एयरपोर्ट ऑथोरिटी को खूब लाभ होगा. विदित हो कि दरभंगा से वर्तमान में चार महानगर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता व हैदराबाद के लिए उड़ान सेवा संचालित है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RANJEET THAKUR

लेखक के बारे में

By RANJEET THAKUR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन