कमला नदी में डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत, परिवार में मचा कोहराम

विज्ञापन

दरभंगा में कमला नदी में स्नान के दौरान 15 वर्षीय किशोर संकेत कुमार की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई. घटना श्रावण की पहली सोमवारी को हुई जब वह दोस्तों संग नदी में नहाने गया था. स्थानीय लोगों ने त्वरित कार्रवाई कर शव निकाला, और प्रशासन ने चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है.

विज्ञापन

Darbhanga News: फेकला थाना क्षेत्र के पिड़री पंचायत स्थित छपरार घाट पर कमला नदी में स्नान के दौरान डूबने से 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई. मृतक की पहचान बहादुरपुर थाना क्षेत्र के सलहा गांव निवासी रवि शंकर राय के पुत्र संकेत कुमार के रूप में हुई है.

स्नान के दौरान गहरे पानी में चला गया किशोर

जानकारी के अनुसार, श्रावण मास की पहली सोमवारी पर संकेत कुमार गांव के अन्य लोगों और अपने छोटे भाई के साथ कमला नदी में स्नान करने गया था. नदी किनारे स्थित महादेव मंदिर में पूजा के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. स्नान के दौरान संकेत का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया. उसके छोटे भाई ने शोर मचाया, लेकिन तब तक वह डूब चुका था.

स्थानीय लोगों ने नदी से निकाला शव

घटना की सूचना मिलते ही पंचायत के मुखिया नागेश्वर कुमार पासवान ने पुलिस और अंचलाधिकारी (सीओ) को जानकारी दी. सीओ ने एनडीआरएफ टीम को घटनास्थल के लिए रवाना किया, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने नदी से किशोर का शव बाहर निकाल लिया.

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेजा. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आपदा राहत के तहत मिलेगी आर्थिक सहायता

सीओ निशांत कुमार ने बताया कि हल्का कर्मचारी से जांच कराई गई है और रिपोर्ट जिला प्रशासन को भेज दी गई है. उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से मृतक के परिजनों को चार लाख रुपये की सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन करना होगा.

फेकला थानाध्यक्ष वशिष्ठ कापरि ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

यह भी पढ़ें: लनामिवि स्थापना दिवस खेल प्रतियोगिता संपन्न, बैडमिंटन में डॉ. जमाल अशरफ बने विजेता


विज्ञापन
पुरुषोत्तम कुमार चौधरी

लेखक के बारे में

By पुरुषोत्तम कुमार चौधरी

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन