सिंहवाड़ा में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, पत्नी ने शराब पीने का लगाया आरोप

सिंहवाड़ा के सिमरी थाना क्षेत्र में सुनील राम की संदिग्ध मौत के मामले में उनकी पत्नी ने स्थानीय शराब पीने से मौत का आरोप लगाया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और अवैध शराब के कारोबार पर भी शिकंजा कस रही है.
Darbhanga News: सिंहवाड़ा के सिमरी थाना क्षेत्र में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई सुनील राम की मौत के मामले में सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गयी. मृतक की पत्नी अमृता देवी के आवेदन पर सिमरी थाना में कांड संख्या 152/26 दर्ज किया गया है. आवेदन में पत्नी ने आरोप लगाया है कि स्थानीय स्तर पर निर्मित शराब पीने के बाद सुनील की तबीयत बिगड़ी और अस्पताल ले जाने के दौरान उनकी मौत हो गयी. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
पत्नी ने शराब पीने के बाद मौत का लगाया आरोप
रसलपुर वार्ड संख्या 03 निवासी सुनील राम 22 जुलाई की शाम बरहुलिया गांव से छत ढलाई का काम कर घर लौटे थे. पत्नी के अनुसार, नहाने के बाद वह गांव के नथुनी पासवान के यहां गये, जहां स्थानीय स्तर पर निर्मित शराब पीकर घर लौटे. रात में भोजन करने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी. अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गयी.
गांव में अवैध शराब निर्माण का लगाया आरोप
मृतक की पत्नी ने आवेदन में आरोप लगाया है कि रसलपुर गांव में लंबे समय से स्थानीय स्तर पर अवैध शराब बनाने और बेचने का धंधा चल रहा है. इससे गरीब परिवारों के जीवन और स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने गांव में अवैध शराब निर्माण की शिकायत पर भी जांच शुरू कर दी है.
पुलिस पहुंचने से पहले कारोबारी फरार
सोमवार को ग्रामीणों ने रसलपुर से बरहुलिया जाने वाले रास्ते के सुट्टी चौड़ में अवैध शराब बनाए जाने की सूचना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक पूजा रानी और सहायक अवर निरीक्षक शशिकांत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही कथित शराब कारोबारी फरार हो गया. मौके से मिली अर्द्धनिर्मित शराब और शराब बनाने में प्रयुक्त सामग्री को पुलिस ने नष्ट कर दिया.
फरार कारोबारी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पुलिस ने कथित शराब कारोबारी की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. वहीं सुनील राम की मौत मामले की जांच अवर निरीक्षक मनोज कुमार शर्मा को सौंपी गयी है. पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम पहले ही डीएमसीएच में कराया था. अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. आवेदन में लगाए गए आरोपों के साथ गांव में अवैध शराब निर्माण और बिक्री की शिकायतों की भी गंभीरता से जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चलेगा. दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










