दरभंगा में चोरों का भीषण तांडव: एक ही रात में आठ घरों में चोरी, इलाके में दहशत

एक ही रात में आठ घरों में चोरी
Houses robbed in Darbhanga: दरभंगा के जाले नगर परिषद के बैद्यनाथपुर गांव में बेखौफ चोरों ने सोमवार रात आठ घरों के ताले और कनकवा तोड़कर लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया.
दरभंगा से केशवेन्द्र प्रताप ठाकुर की रिपोर्ट
Houses robbed in Darbhanga: दरभंगा जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बड़ी वारदात सामने आई है. जाले नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-21 स्थित बैद्यनाथपुर गांव में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने जमकर तांडव मचाया. बेखौफ बदमाशों ने एक ही रात में करीब आठ अलग-अलग घरों को निशाना बनाकर बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया. बंद पड़े मकानों में सिलसिलेवार ढंग से हुई इस चोरी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. स्थानीय ग्रामीणों में इस घटना के बाद से गहरा आक्रोश और दहशत का माहौल बना हुआ है.

ताला तोड़कर और पीछे के रास्ते दाखिल हुए शातिर चोर
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने गांव के नागेन्द्र नारायण लाल, सुरेन्द्र लाल, रवि कुमार, शेखर कुमार, इंदुभूषण लाल, नागेन्द्र राम, वकील पासवान और धर्मेंद्र राम के घरों को निशाना बनाया. इसमें से नागेन्द्र नारायण लाल से लेकर इंदुभूषण लाल तक के घरों का ताला तोड़कर चोर अंदर दाखिल हुए. वहीं दूसरी तरफ नागेन्द्र राम, वकील पासवान और धर्मेंद्र राम के घरों में चोरों ने पीछे के रास्ते से प्रवेश किया. इस बड़ी चोरी में कुल कितने मूल्य की संपत्ति चोरी हुई है, इसका सटीक आकलन अभी पीड़ित परिवारों द्वारा किया जा रहा है.
यह भी पढ़ें… बारात के दौरान हर्ष फायरिंग, तीन युवक को लगी गोली,टेंट कर्मी गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर
वार्ड पार्षद ने पुलिस को दी सूचना, जांच में जुटी टीम
सामूहिक चोरी की इस दुस्साहसिक घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड पार्षद सुबोध मंडल ने तुरंत जाले थाना की पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रभावित घरों का बारीकी से निरीक्षण किया और घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरी की इस वारदात में शामिल शातिर बदमाशों की पहचान के लिए संदिग्धों पर नजर रख रही है.
यह भी पढ़ें… फेसबुक वाली प्रेमिका से मिलने पहुंचे आशिक को ग्रामीणों ने पकड़ा, वीडियो वायरल
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल,गश्ती बढ़ाने की मांग
वार्ड पार्षद सुबोध मंडल ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर गहरी चिंता व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि एक ही रात में आठ घरों में चोरी होना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत रात्रि गश्ती बढ़ाई जाए, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाए. स्थानीय निवासियों का कहना है कि बैद्यनाथपुर में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिसिया ढिलाई के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sumit Kumar
सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










