बारात के दौरान हर्ष फायरिंग, तीन युवक को लगी गोली,टेंट कर्मी गंभीर स्थिति में हायर सेंटर रेफर

Updated:
विज्ञापन
bihar-news-muzaffarpur-sahibganj-wedding-harsh-firing-three-youths-injured-police-investigation

बारात के दौरान हर्ष फायरिंग, तीन युवक को लगी गोली

Muzaffarpur harsh firing: मुजफ्फरपुर के साहेबगंज में मुकेश पाठक के घर आई बारात में दरवाजा लगने के दौरान हुई अंधाधुंध हर्ष फायरिंग में टेंट कर्मी सहित तीन लोग गोली लगने से लहूलुहान हो गए.

विज्ञापन

Muzaffarpur harsh firing: मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आई है. यहां परसौनी जहांगीर गांव में सोमवार की रात आई एक बारात में उस समय हड़कंपमच गया, जब पारंपरिक रस्मों के बीच अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी. दरवाजा लगाए जाने के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में तीन युवक गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए. इस घटना के बाद शादी का जश्न पल भर में चीख-पुकार और अफरा-तफरी में बदल गया.

टेंट हाउस कर्मी को लगी गोली, गंभीर हालत में किया गया रेफर

स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक, बारात के स्वागत के समय कुछ लोग डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे. इसी बीच भीड़ में से किसी ने उत्साह में आकर पिस्टल निकाली और बैक-टू-बैक तीन राउंड फायरिंग कर दी. दुर्भाग्य से ये गोलियां वहां मौजूद तीन लोगों को जा लगीं. घायलों में परसौनी जहांगीर गांव के रहने वाले विश्वनाथ पासवान का 35 वर्षीय पुत्र अनिल पासवान शामिल है. अनिल स्थानीय टेंट हाउस संचालक का कर्मचारी बताया गया है, जो वहां काम के सिलसिले में तैनात था. घटना के तुरंत बाद उसे स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर कर दिया.

यह भी पढ़ें… फेसबुक वाली प्रेमिका से मिलने पहुंचे आशिक को ग्रामीणों ने पकड़ा, वीडियो वायरल

दो घायल बारातियों का गोपनीय तरीके से चल रहा इलाज

इस हादसे में घायल हुए अन्य दो युवक बाराती बताए जा रहे हैं. घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए वैद्यनाथपुर चौक के पास स्थित एक निजी क्लिनिक में ले जाया गया था. हालांकि, वहां के चिकित्सक ने कानूनी पचड़े से बचने के लिए पुलिस को सूचना देकर ही इलाज शुरू करने की बात कही. पुलिसिया कार्रवाई के डर से परिजन उन दोनों युवकों को वहां से लेकर चले गए. ग्रामीणों के अनुसार, अब दोनों घायल बारातियों का किसी अज्ञात निजी क्लिनिक में गोपनीय रूप से इलाज कराया जा रहा है, जिसकी वजह से उनकी पहचान अभी उजागर नहीं हो सकी है.

यह भी पढ़ें… धान रोपनी तेज: बिजली संकट बना किसानों की सबसे बड़ी परीक्षा

पूर्वी चंपारण से आई थी बारात, जांच में जुटी पुलिस की टीम

यह बारात पूर्वी चंपारण जिले के बीजधरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत जगीरहां गांव से आई थी. वहां के निवासी देवशरण तिवारी के पुत्र केदार तिवारी की शादी साहेबगंज के परसौनी जहांगीर निवासी मुकेश पाठक के यहां तय हुई थी. हर्ष फायरिंग की सूचना मिलते ही साहेबगंज पुलिस तुरंत एक्शन में आई. सीएचसी पहुंचे अपर थानाध्यक्ष अशोक राम और दारोगा नीतीश कुमार ने घायल अनिल पासवान से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी ली. इसके बाद पुलिस टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई. साहेबगंज थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि हर्ष फायरिंग में तीन लोगों को गोली लगने की बात सामने आई है. हालांकि, अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई लिखित शिकायत या आवेदन नहीं मिला है. पुलिस अपने स्तर से मामले की गहन जांच कर रही है और बाकी दो घायलों का पता लगाने का प्रयास कर रही है.

विज्ञापन
Sumit Kumar

लेखक के बारे में

By Sumit Kumar

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन