Darbhanga: मतदान प्रतिशत बढ़ाने को लेकर डीएम ने पीडीएस डीलरों को दिए कई टास्क

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में पीडीएस डीलरों की बैठक हुई.
दरभंगा. जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कौशल कुमार की अध्यक्षता में पीडीएस डीलरों की बैठक हुई. डीएम ने डीलरों को मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए कई टास्क दिए. कहा कि प्रत्येक डीलर, मतदाता जागरूकता के लिए माइक्रो प्लान तैयार करें. किसान एवं पीडीएस उपभोक्ताओं का व्हाट्सएप ग्रुप बनाएं. मतदान तिथि की पूर्व संध्या तक प्रतिदिन मतदान के महत्व पर चर्चा करें. कहा कि यह कार्य घर- घर जाकर करने से मतदान का प्रतिशत अवश्य बढ़ेगा. डीएम ने निर्देश दिया कि छह नवंबर को सभी डीलर सर्वप्रथम स्वयं मतदान करें. इसके बाद जागरूकता दूत की तरह घर-घर संपर्क कर मतदाताओं को मतदान केंद्रों तक भेजने के लिए हर संभव प्रयास करें.
कहा कि दीपावली व छठ मनाने घर आने वालों से अनुरोध करें कि वे मतदान संपन्न होने तक यहीं रुकें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें. कार्यक्रम के अंत में जिला निर्वाचन पदाधिकारी कौशल कुमार ने सभी पीडीएस संचालकों को मतदान के प्रति शपथ दिलाई. इस अवसर पर उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद ने कहा कि सभी मतदाता अपने अधिकार का प्रयोग अवश्य करें. मतदान के महत्व को समझें और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाएं. कार्यक्रम में एसडीसी वृषभानु चंद्र, आइसीडीएस डीपीएम चांदनी सिंह, डीएसओ सहित संबंधित प्रखंड के एमओ आदि उपस्थित थे.पिंक बूथ पर तैनात कर्मियों काे दिया गया प्रशिक्षण
दरभंगा. छह नवंबर को जिले के 10 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने की तैयारी तेज हो गई है. इसी कड़ी में पिंक बूथ पर प्रतिनियुक्त महिला मतदान पदाधिकारियों को सामान्य निर्वाचन प्रक्रिया, ईवीएम संचालन एवं कर्तव्यों के सम्यक निर्वहन से संबंधित प्रथम प्रशिक्षण दिया गया. प्रशिक्षण दो पालियों में एमएल एकेडमी एवं जिला स्कूल केंद्र पर हुआ. पिंक बूथ पर तैनात इन कर्मियों का दूसरा प्रशिक्षण 31 अक्तूबर को शफी मुस्लिम स्कूल में होगा.सेक्टर पदाधिकारियों का प्रशिक्षण आज
सेक्टर पदाधिकारियों के लिए ईवीएम संचालन एवं मॉक ड्रिल प्रशिक्षण का कार्यक्रम भी निर्धारित किया गया है. प्रशिक्षण 18 अक्तूबर को एमएल एकेडमी में दो पालियों में होगा. प्रथम पाली में सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक कुशेश्वरस्थान, गौड़ाबौराम, बेनीपुर, अलीनगर एवं दरभंगा ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा. दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम छह बजे तक दरभंगा, हायाघाट, बहादुरपुर, केवटी तथा जाले विधानसभा क्षेत्र के सेक्टर पदाधिकारी प्रशिक्षण में सम्मिलित होंगे.31 अक्तूबर तक सभी मतदाता पर्चियों का कर दिया जायेगा वितरण
प्रेक्षागृह दरभंगा में सेक्टर पदाधिकारियों का ऑनलाइन असेसमेंट कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम कौशल कुमार ने की. कार्यक्रम के दौरान सभी सेक्टर पदाधिकारियों को ईएलई-ट्रेस मोबाइल एप की उपयोगिता के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई. साथ ही मोबाइल में एप डाउनलोड कराया गया. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता सूचना पर्ची का वितरण बीएलओ के माध्यम से किया जाएगा. इसकी निगरानी एवं अनुश्रवण सेक्टर पदाधिकारी स्वयं करेंगे. निर्देश दिया कि 31 अक्तूबर तक सभी मतदाता पर्चियों का वितरण हर हाल में पूर्ण हो जाना चाहिए. कहा कि घर- घर जाकर पर्ची वितरण की लगातार निगरानी बीडीओ, सेक्टर अधिकारी आदि करेंगे.चुनाव के दिन मतदान केंद्रों पर होगा वेब कास्टिंग
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि चुनाव के दिन सभी मतदान केंद्रों पर शत- प्रतिशत वेब कास्टिंग कराई जाएगी. इसके लिए सभी सेक्टर पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे संबंधित विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से समन्वय स्थापित करें. प्रकाश की समुचित व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे की सही दिशा में स्थापना तथा एक्सटेंशन बोर्ड की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक के दौरान ईवीएम रिप्लेसमेंट की प्रक्रिया को लेकर भी जानकारी दी गई. डीएम ने बताया कि होम वोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी. इससे वृद्ध, दिव्यांग एवं गंभीर रूप से बीमार मतदाता घर से ही मतदान कर सकेंगे. मौके पर एडीइओ सुरेश कुमार, उप निदेशक जनसंपर्क सत्येंद्र प्रसाद, डीआइओ आशुतोष नंदन सिंह सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




