कुशेश्वरस्थान में दूसरी सोमवारी पर आस्था का सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने किया बाबा कुशेश्वरनाथ का जलाभिषेक
बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में लगी भीड़
सावन की दूसरी सोमवारी पर कुशेश्वरस्थान में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. आधी रात से ही शिवगंगा घाट पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की कतार लग गई. हजारों भक्तों ने चंद्रकूप से जल लेकर बाबा कुशेश्वरनाथ को अर्पित किया.
Darbhanga News: दरभंगा. सावन की दूसरी सोमवारी पर कुशेश्वरस्थान स्थित प्रसिद्ध बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा. आधी रात से ही शिवगंगा घाट पर स्नान और मंदिर की ओर जाने वाले घुमावदार बैरिकेडिंग में श्रद्धालुओं की कतार लगनी शुरू हो गई. सुबह सरकारी पूजा के बाद आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर का प्रवेश द्वार खोल दिया गया. हजारों भक्तों ने चंद्रकूप से जल लेकर अरघा में जल, बेलपत्र और पुष्प अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की.
Kusheshwarsthan News: आधी रात से लगी श्रद्धालुओं की कतार
दूसरी सोमवारी को लेकर शिवगंगा घाट से लेकर मंदिर परिसर तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. गर्भगृह में अरघा के माध्यम से जल अर्पित करने की व्यवस्था की गई थी, जिससे भीड़ के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति नहीं बनी. महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग कतार बनाई गई थी, जो हजारी हाउस से लेकर बस स्टैंड तक पहुंच गई.
शाम को बाबा का शृंगार पूजन और महाआरती के बाद जलाभिषेक का समापन हुआ. समस्तीपुर, खगड़िया, मधुबनी और सहरसा के अलावा नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे.
300 स्वयंसेवकों ने संभाली व्यवस्था
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए नव नियुक्त करीब 300 स्वयंसेवकों को व्यवस्था में लगाया गया. स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध करने, रास्ता दिखाने और भीड़ को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. पुलिस पदाधिकारियों और जवानों ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभाली.
दंडाधिकारियों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल
प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का दावा किया गया था, लेकिन कई चिन्हित स्थानों पर ड्यूटी के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी मौके पर मौजूद नहीं मिले. मंदिर परिसर, शिवगंगा घाट और बाजार क्षेत्र में कई जगह दंडाधिकारियों की अनुपस्थिति चर्चा का विषय बनी रही. हालांकि सुबह करीब सात बजे से कुछ दंडाधिकारी अपने निर्धारित स्थानों पर पहुंच गए थे.
स्थानीय लोगों ने अगली सोमवारी पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों से अपनी जिम्मेदारी पूरी तरह निभाने की मांग की है.
रात से ही ग्रामीण एसपी ने संभाल रखा था मोर्चा
ग्रामीण एसपी साक्षी कुमारी रात से ही शिवनगरी में मौजूद रहीं. उन्होंने मंदिर, शिवगंगा घाट और चंद्रकूप तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए पुलिस अधिकारियों को लगातार दिशा-निर्देश दिए.
न्यास समिति अध्यक्ष सह एसडीओ शशांक राज, उपाध्यक्ष सह डीएसपी प्रभाकर तिवारी और थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद भी दिनभर सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों की सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जाती रही.
पांच किलोमीटर पैदल चले श्रद्धालु
सतीघाट और धोबलिया पुल पर वाहनों के प्रवेश पर रोक के कारण कई श्रद्धालुओं को करीब पांच किलोमीटर की दूरी पैदल तय करनी पड़ी. हालांकि पुलिस की मौजूदगी और स्वयंसेवकों की सक्रियता से आवागमन एवं भीड़ प्रबंधन को संभाला गया.
शिवमय रहा पूरा कुशेश्वरस्थान
बाबा कुशेश्वरनाथ मंदिर के अलावा तिलकेश्वर, सलमगढ़ समेत अन्य शिव मंदिरों में भी दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ रही. गांव-गांव में शिव चर्चा, भजन और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए. पूरे इलाके में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से भक्तिमय माहौल बना रहा.
एसडीओ शशांक राज ने कहा कि ड्यूटी से अनुपस्थित दंडाधिकारियों से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा और उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: पूजा कर लौट रहे युवक की बाइक डीपीटीएस कॉलेज के पास दुर्घटनाग्रस्त, हालत गंभीर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By संतोष पोद्दार
संतोष पोद्दार को पत्रकारिता का 20 वर्षों का लंबा अनुभव है. ये सामाजिक, राजनीतिक, आपराधिक व धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हैं और सटीक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










