दरभंगा: केवटी में निर्माणाधीन कौशल विकास भवन की नींव झुकी, गुणवत्ता पर उठे सवाल
Published by : Aniket Kumar Updated At : 22 May 2026 11:56 AM
मुख्यालय परिसर में कौशल विकास भवन का नींव की स्थिति
Darbhanga News: दरभंगा के केवटी प्रखंड में निर्माणाधीन कौशल विकास भवन की नींव झुकने और हिस्सा गिरने से निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने जांच की मांग की है, जबकि प्रशासन की ओर से स्पष्ट जवाब नहीं मिला है. पढे़ं पूरी खबर…
दरभंगा के केवटी से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट
Darbhanga News: दरभंगा के केवटी प्रखंड मुख्यालय परिसर में बन रहे कौशल विकास भवन को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. निर्माणाधीन भवन की नींव झुकने और कुछ हिस्सा गिरने के बावजूद वहां मिट्टी भराई का काम जारी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि बारिश के बाद ही निर्माण की गुणवत्ता की पोल खुल गई है.
बारिश में कमजोर पड़ गई नींव
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाल की बारिश के बाद भवन की नींव का हिस्सा झुक गया और कुछ जगहों पर टूट-फूट भी दिखाई देने लगी. इसके बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया और मौके पर मिट्टी भराई का काम चलता रहा.
पुराने अंचल कार्यालय की जगह बन रहा भवन
जानकारी के अनुसार, प्रखंड और अंचल कार्यालय परिसर के बीच कौशल विकास केंद्र का निर्माण किया जा रहा है. इसके लिए पुराने अंचल कार्यालय भवन को पहले ही तोड़ दिया गया था. अब उसी जगह पर नया भवन बनाया जा रहा है.
निर्माण स्थल पर नहीं लगा सूचना बोर्ड
स्थानीय लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि निर्माण स्थल पर योजना से जुड़ा कोई बोर्ड नहीं लगाया गया है. इससे लोगों को यह जानकारी नहीं मिल पा रही कि भवन किस योजना और कितनी लागत से बनाया जा रहा है.
पंचायत समिति सदस्य ने उठाए सवाल
पंचायत समिति सदस्य वसीम आरा ने कहा कि जब भवन की नींव ही कमजोर बनाई जा रही है, तो आगे निर्माण कितना सुरक्षित होगा, इस पर सवाल उठना लाजिमी है. उन्होंने इसे बच्चों की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला बताया.
आरटीआई कार्यकर्ता ने जताई चिंता
सामाजिक कार्यकर्ता और आरटीआई एक्टिविस्ट मो. इकबाल अंसारी ने कहा कि जब सरकारी निर्माण स्थल पर बोर्ड तक नहीं लगाया गया है, तो इससे काम की पारदर्शिता का अंदाजा लगाया जा सकता है.
अधिकारियों के बयान अलग-अलग
बीपीआरओ कृणाल कुमार ने बताया कि भवन की नींव का काम पंचायत समिति मद और 15वें वित्त आयोग की राशि से कराया जा रहा है. वहीं, आगे का निर्माण दूसरे संवेदक के सहयोग से होना है. दूसरी ओर, स्थानीय विधायक डॉ. मुरारी मोहन झा ने कहा कि उन्हें इस योजना की जानकारी नहीं है. बीडीओ से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aniket Kumar
अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










