दरभंगा: एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग की मांग तेज, सांसद ने रक्षा मंत्री को लिखा पत्र

Updated:
विज्ञापन
Darbhanga News Airport night landing facility jdu mp sanjay jha letter to defense minister rajnath singh

दरभंगा एयपोर्ट

Darbhanga News: एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग और शाम 5 बजे के बाद विमानों के परिचालन की मांग को लेकर सांसद संजय झा ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर एटीसी वॉच ऑवर्स बढ़ाने का आग्रह किया है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

Darbhanga News: दरभंगा हवाई अड्डे पर नाइट लैंडिंग सुविधा को पूरी तरह प्रभावी बनाने और एटीसी (ATC) वॉच ऑवर्स के विस्तार को लेकर सियासत और जनमांग तेज हो गई है. इसी कड़ी में राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को एक पत्र लिखा है. सांसद ने पत्र के माध्यम से हवाई अड्डे पर अतिरिक्त वायुसेना कर्मियों (एटीसी मैनपावर) की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आग्रह किया है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में दरभंगा एयरपोर्ट से प्रतिदिन लगभग 18 उड़ानों का सफल संचालन हो रहा है और यहां यात्रियों की संख्या में लगातार भारी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है.

सीमित स्लॉट के कारण शाम के बाद नहीं उड़ पा रहे विमान

सांसद संजय झा ने रक्षा मंत्री को बताया कि विभिन्न एयरलाइंस कंपनियां शाम पांच बजे के बाद भी दरभंगा से उड़ान संचालित करना चाहती हैं और इसकी लगातार मांग की जा रही है. हालांकि, नाइट लैंडिंग सुविधा पूरी तरह शुरू नहीं होने और एटीसी वॉच ऑवर्स सीमित रहने के कारण एयरलाइंस को अतिरिक्त स्लॉट उपलब्ध नहीं कराया जा पा रहा है. चूंकि दरभंगा एयरपोर्ट भारतीय वायुसेना के अधीन रक्षा मंत्रालय का हवाई अड्डा है, जिसे उड़ान योजना के तहत विकसित किया गया था, इसलिए इसमें रक्षा मंत्रालय का हस्तक्षेप बेहद जरूरी है. नवंबर 2020 में चालू होने के बाद से अब तक करीब 30 लाख से अधिक यात्री यहां से सफर कर चुके हैं.

अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट बनने की राह पर, 90 एकड़ भूमि का हो रहा अधिग्रहण

पत्र में इस बात का भी उल्लेख किया गया है कि दिसंबर 2024 में दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने के लिए इन-प्रिंसिपल अप्रूवल (सैद्धांतिक स्वीकृति) मिल चुकी है. इसके तहत रनवे विस्तार और अन्य आधुनिक बुनियादी ढांचे के लिए लगभग 90 एकड़ अतिरिक्त भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा है. सांसद ने जोर देकर कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट उत्तर बिहार, मिथिलांचल, सीमांचल और नेपाल सीमा से जुड़े करोड़ों लोगों की आबादी के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण विमानन केंद्र बन चुका है. ऐसे में जनहित को देखते हुए एटीसी के समय को शाम 5 बजे के बाद बढ़ाया जाए और नाइट लैंडिंग शुरू की जाए.

दरभंगा से अजय कुमार मिश्रा की रिपोर्ट

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन