मिथिला विवि में खुलेगा केंद्रीय परिष्कृत उपकरण केंद्र

Updated at : 05 Jun 2024 11:31 PM (IST)
विज्ञापन
Darbhanga News :

नामिवि में विज्ञान के विभिन्न विषयों में अत्याधुनिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिये केंद्रीय परिष्कृत उपकरण केंद्र स्थापित होगा

विज्ञापन

दरभंगा. लनामिवि में विज्ञान के विभिन्न विषयों में अत्याधुनिक अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिये केंद्रीय परिष्कृत उपकरण केंद्र स्थापित होगा. परियोजना की विस्तृत योजना बनाने के लिए विज्ञान संकायाध्यक्ष प्रो. प्रेम मोहन मिश्र को अधिकृत किया गया है. इस दिशा में कार्यारंभ करते हुये बुधवार को प्रो. मिश्रा ने विज्ञान विषयों के पीजी विभागाध्यक्षों की बैठक रसायन विज्ञान विभाग में की. निर्णय लिया गया कि यह केंद्र एडवांस्ड रिसर्च सेंटर के प्रथम तल पर स्थापित किया जाए. केंद्र की आधारभूत संरचना की जानकारी देने के लिए सेंटर के उप प्रभारी सुशोवन बानिक को अधिकृत किया गया. विज्ञान विषय के विभागाध्यक्षों को अपने विभाग के शिक्षक एवं अन्य बाहरी विशेषज्ञ से परामर्श कर आवश्यक उपकरण आदि की सूची एक सप्ताह में तैयार करने का निर्देश दिया गया. ⁠उपकरणों के संचालन एवं रख-रखाव के लिए तकनीशियन की नियुक्ति पर भी विचार किया गया. विभागों से प्राप्त सूची पर अगली बैठक में समेकित योजना पर विचार के बाद कुलपति के पास अनुमोदन के लिये भेजने का निर्णय लिया गया. बैठक में जंतु विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. अजय नाथ झा, वनस्पति विज्ञान विभागाध्यक्षा डॉ सविता वर्मा, भौतिकी विभागाध्यक्ष प्रो. नौशाद आलम एवं डॉ सुशोवन बानिक उपस्थित थे.

संस्कृत प्रशिक्षण वर्ग का उद्घाटन आज, बिहार व झारखंड से पहुंचने लगे प्रशिक्षणार्थी :

दरभंगा.

संस्कृत विश्वविद्यालय में 12 दिवसीय आवासीय संस्कृत प्रशिक्षण वर्ग का कल 6 जून को उद्घाटन किया जाएगा. दरबार हॉल में सुबह 10.30 बजे से उद्घाटन कार्यक्रम तय है. संस्कृत भारती बिहार न्यास एवं कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में बिहार एवं झारखण्ड के करीब 125 से अधिक प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं. प्रशिक्षण 17 जून तक चलेगा. वर्गों का संचालन नए परीक्षा भवन में होगा. डीएसडब्ल्यू डॉ शिवलोचन झा तथा सीसीडीसी डॉ दिनेश झा की निगरानी में आयोजित हो रहे कार्यक्रम की तैयारी व व्यवस्था का निरीक्षण करने बुधवार को कुलपति प्रो. पांडेय परीक्षा भवन पहुंचे और आवश्यक दिशा निर्देश दिए. साथ में भू सम्पदा पदाधिकारी डॉ उमेश झा व शिक्षा शास्त्र निदेशक डॉ घनश्याम मिश्र, डॉ रामसेवक झा व डॉ त्रिलोक झा भी थे. पीआरओ निशिकांत ने बताया कि उद्घाटन के मौके पर संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. शशिनाथ झा, प्रो. रामचन्द्र झा मौजूद रहेंगे. उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय होंगे. अध्यक्षता संस्कृत भारती बिहार प्रांत अध्यक्ष प्रो. इंद्रनाथ झा करेंगे. संस्कृत भारती, बिहार-झारखंड के क्षेत्र मंत्री प्रो. श्रीप्रकाश पांडेय आदि मौजूद रहेंगे. कुलपति प्रो. पांडेय ने कहा कि संस्कृत का प्रचार व प्रसार आवश्यक है. संस्कृत है तो संस्कृति है. इसे व्यवहार की भाषा बनाने के लिए प्रयास जारी रखने का उन्होंने आह्वान किया. कहा कि संस्कृत के प्रसार में यह प्रशिक्षण वर्ग मददगार होगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन