दरभंगा: बिरौल में भाईचारे के साथ मनी बकरीद, हजारों लोगों ने अदा की नमाज

Published by : Aniket Kumar Updated At : 28 May 2026 10:35 AM

विज्ञापन

नमाज अदा करते लोग

Darbhanga News: दरभंगा के बिरौल प्रखंड में बकरीद का पर्व भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाया गया. ईदगाहों में नमाज अदा कर अमन-चैन और तरक्की की दुआ मांगी गई. प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा और पूरे इलाके में गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल देखने को मिली. पढे़ं पूरी खबर…

विज्ञापन

दरभंगा के बिरौल से शंकर सहनी की रिपोर्ट

Darbhanga News: दरभंगा जिले के बिरौल प्रखंड में बकरीद का पर्व इस बार भी आपसी भाईचारे और सौहार्द के माहौल में मनाया गया. सुबह से ही ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा करने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. मुस्लिम समुदाय के लोगों ने देश में अमन-चैन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी. वहीं नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी. पूरे इलाके में गंगा-जमुनी तहजीब की खूबसूरत तस्वीर देखने को मिली.

सुबह से ईदगाहों में जुटे लोग

प्रखंड क्षेत्र के मदरसा रहमानिया, सुपौल पंचायत के शेखपुरा ईदगाह, बलिया, अकबरपुर बेंक, साहो और अहिलवारा समेत कई जगहों पर सुबह निर्धारित समय पर नमाज अदा की गई. मदरसा रहमानिया में सुबह 6:30 बजे और शेखपुरा ईदगाह में 7 बजे नमाज हुई. हजारों की संख्या में लोगों ने नमाज में हिस्सा लिया.

तकरीर में भाईचारे और इंसानियत का संदेश

नमाज से पहले ईदगाहों में तकरीर भी हुई. वक्ताओं ने कहा कि बकरीद त्याग, समर्पण और इंसानियत का पर्व है. लोगों से गरीबों और जरूरतमंदों की मदद करने की अपील की गई. साथ ही दिखावे से दूर रहकर कुर्बानी की रस्म निभाने की बात कही गई.

प्रशासन रहा पूरी तरह अलर्ट

पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. सभी संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की गई थी. एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, एसडीओ शशांक राज और थानाध्यक्ष चंद्रमणि लगातार इलाके में गश्त करते नजर आए.

बच्चों में दिखा खास उत्साह

बकरीद को लेकर बच्चों में खास उत्साह देखा गया. नए कपड़े पहनकर बच्चे एक-दूसरे के घर पहुंचे और बधाइयां दीं. घरों में सेवइयों और कई तरह के लजीज पकवानों का दौर चलता रहा. हिंदू समुदाय के लोगों ने भी मुस्लिम भाइयों को बधाई देकर आपसी सौहार्द की मिसाल पेश की.

विज्ञापन
Aniket Kumar

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन