दरभंगा में आज से APCRICON-2026, रेबीज उन्मूलन पर देशभर के विशेषज्ञ करेंगे मंथन
दरभंगा में आज से APCRICON-2026, रेबीज उन्मूलन पर देशभर के विशेषज्ञ करेंगे मंथन
दरभंगा शनिवार को रेबीज उन्मूलन पर आयोजित 26वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन 'APCRICON-2026' का मेजबान बनेगा. देशभर के स्वास्थ्य विशेषज्ञ 'वन हेल्थ एप्रोच' के तहत जनस्वास्थ्य को मजबूत बनाने की रणनीतियों पर चर्चा करेंगे.
Darbhanga News: रेबीज उन्मूलन और टीकाकरण के जरिए जनस्वास्थ्य को मजबूत बनाने की दिशा में दरभंगा शनिवार को राष्ट्रीय स्तर के बड़े वैज्ञानिक सम्मेलन की मेजबानी करेगा. एसोसिएशन फॉर प्रिवेंशन एंड कंट्रोल ऑफ रेबीज इन इंडिया (APCRI) के तत्वावधान में आयोजित 26वें वार्षिक राष्ट्रीय सम्मेलन APCRICON-2026 का उद्घाटन होटल गार्सिया इंटरनेशनल में होगा. इस बार सम्मेलन का विषय "वन हेल्थ एप्रोच: एलिमिनेशन थ्रू वैक्सीनेशन" रखा गया है.
कई स्वास्थ्य विशेषज्ञ होंगे शामिल
देशभर से जनस्वास्थ्य विशेषज्ञ, चिकित्सक, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, पशु चिकित्सा विशेषज्ञ, शोधकर्ता और मेडिकल शिक्षक इस सम्मेलन में शामिल होंगे. सम्मेलन में मानव, पशु और पर्यावरण के समन्वित दृष्टिकोण से रेबीज उन्मूलन की रणनीतियों पर मंथन होगा.
तीन बजे होगा उद्घाटन सत्र
आयोजन समिति के अनुसार उद्घाटन सत्र शनिवार को दोपहर तीन बजे से साढ़े तीन बजे तक आयोजित किया जाएगा. सम्मेलन के मुख्य अतिथि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी होंगे. इस दौरान देश के विभिन्न हिस्सों से आए विशेषज्ञ अपने अनुभव और शोध साझा करेंगे.
टीकाकरण और आधुनिक उपचार पर होगी चर्चा
सम्मेलन में रेबीज की रोकथाम, समय पर टीकाकरण, जनजागरूकता अभियान, आधुनिक उपचार पद्धति, अनुसंधान और 'वन हेल्थ' अवधारणा के प्रभावी क्रियान्वयन पर वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए जाएंगे. विशेषज्ञ इस बात पर चर्चा करेंगे कि समन्वित प्रयासों से देश में रेबीज उन्मूलन के लक्ष्य को कैसे तेजी से हासिल किया जा सकता है.
दरभंगा को मिलेगी नई पहचान
आयोजन समिति का मानना है कि इस राष्ट्रीय सम्मेलन से दरभंगा को चिकित्सा और शोध गतिविधियों के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी. सम्मेलन में प्रस्तुत शोध पत्रों और विशेषज्ञों के अनुभवों से चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और मेडिकल छात्रों को भी नई जानकारी मिलेगी. आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रो. डॉ. चित्तरंजन राय और आयोजन सचिव डॉ. विजय कुमार चौधरी ने सभी आमंत्रित अतिथियों और प्रतिभागियों से सम्मेलन में सक्रिय सहभागिता की अपील की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By अजय कुमार मिश्रा
अजय कुमार मिश्रा पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. स्वास्थ्य, एयरपोर्ट, परिवहन, सामाजिक एवं राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर और तथ्यपूर्ण रिपोर्टिंग इनकी पहचान है. आम जनजीवन से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाना इनकी कार्यशैली की विशेष पहचान रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










