जिले में बर्ड फ्लू की हुई पुष्टि, अबतक 200 कौआ मरे

Published by : RANJEET THAKUR Updated At : 30 Jan 2026 10:54 PM

विज्ञापन

जिले में बर्ड फ्लू से सैकड़ों पंक्षी की मौत हो गयी है. सरकारी स्तर से इसकी पुष्टि कर दिये जाने से प्रशासन एक्शन में आ गया है.

विज्ञापन

दरभंगा. जिले में बर्ड फ्लू से सैकड़ों पंक्षी की मौत हो गयी है. सरकारी स्तर से इसकी पुष्टि कर दिये जाने से प्रशासन एक्शन में आ गया है. नगर निगम क्षेत्र के रहमगंज भीगो में बर्ड फ्लू (एवियन इन्फ्लूएंजा) से अब तक 200 कौवों की मौत हो चुकी है. कौवों के शव को दफना दिया गया है. भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग ने बिहार सरकार को पत्र भेजकर दरभंगा में मिले कौवों के शव में बर्ड फ्लू के वायरस की पुष्टि कर दी है.

बायो- सिक्योरिटी और सैनिटाइजेशन सख्ती से लागू करने का निर्देश

केंद्र सरकार ने पोल्ट्री और अन्य पक्षियों में संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए प्रशासन को कई अहम निर्देश दिए हैं. इसके तहत प्रभावित क्षेत्रों में बायो- सिक्योरिटी और सैनिटाइजेशन को सख्ती से लागू करने काे कहा गया है. मृत पक्षियों का शव गहरे गड्ढे में वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया है. साथ ही मृत पक्षियों के पूरे शव को बिना खोले जांच के लिए भेजने का निर्देश दिया गया है.

मुर्गी एवं बतखों की होगी सघन निगरानी

पोल्ट्री या अन्य पक्षियों की असामान्य मृत्यु की तत्काल रिपोर्ट अनिवार्य कर दी गई है. प्रभावित इलाकों में मुर्गी, बत्तख, हैचरी, वेट बर्ड मार्केट और डक फार्म में सघन निगरानी (सर्विलांस) बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. वर्ष 2012 में जारी एवियन इन्फ्लुएंजा नियंत्रण संबंधी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है.

मृत पक्षियों को नहीं छूने की हिदायत

बर्ड फ्लू की पुष्टि के बाद पशुपालन विभाग और नगर निकायों को अलर्ट कर दिया गया है. प्रभावित क्षेत्रों में सफाई, निगरानी और जागरूकता अभियान तेज किए जाने की बात कही गयी है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मृत पक्षियों को नहीं छुएं. असामान्य स्थिति की सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें. लोगों से मरे पक्षी को नहीं छूने, मृत पक्षी दिखे तो नगर निगम या पशुपालन विभाग को सूचना देने, हाथों को बार- बार साबुन से धोने, कच्चे मांस या अंडे को छूने के बाद हाथ धोने, मांस और अंडा अच्छी तरह पकाकर खाने की सलाह दी गयी है.

क्या होता है बर्ड फ्लू

विशेषज्ञों के अनुसार बर्ड फ्लू एक वायरल बीमारी है, जो मुख्य रूप से पक्षियों (मुर्गी, बत्तख, कौवा आदि) में फैलती है. संक्रमित पक्षियों के संपर्क में आने से, उसके मल, लार, पंख या शव को छूने से, संक्रमित जगहों की गंदगी या पानी से संक्रमण फैलने की संभावना रहती है.

विज्ञापन
RANJEET THAKUR

लेखक के बारे में

By RANJEET THAKUR

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन