दरभंगा : जंकशन को सुव्यवस्थित करने को लेकर डीआरएम आरके जैन की प्रतिबद्धता सोमवार को सामने आयी. यात्री सुविधा को विस्तार देने के साथ ही जंकशन को आकर्षक तथा व्यवस्थित लुक देने के लिए श्री जैन ने अभियंत्रण विभाग को कई निर्देश दिये. घंटों जंकशन का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भावी योजना पर गंभीर विचार-मंथन किया.
इस दौरान पुरानी योजनाओं की जहां समीक्षा की, वहीं नई योजनाओं को लेकर प्रपोजल बनाने का निर्देश भी स्थानीय पदाधिकारियों को दिया. इसके तहत यात्रियों को न केवल उपलब्ध सुविधा व्यवस्थित रूप से मिल सकेगी, बल्कि नई सुविधाओं का लाभ भी बहुत जल्द हासिल होगा.
अंडरग्राउंड नाला निर्माण का लिया जायजा . श्री जैन ने बाहरी परिसर में हो रहे भूगर्भीय नाले के निर्माण कार्य का जायजा लेते हुए फूड प्लाजा के पश्चिम की टंकी को दीवार की तरफ शिफ्ट करने का निर्देश एइएन-1 दिलीप कुमार को दिया. उन्होंने कहा कि बीच में यह टंकी सही नहीं है. इसे प्राथमिकता के आधार पर दूसरी जगह शिफ्ट करें.
पुराने यूटीएस के पास बनेगा अतिरिक्त वेटिंग हॉल
जंकशन पर यात्रियों की भीड़ के मद्देनजर डीआरएम ने पुराने यूटीएस भवन को तोड़कर वहां यात्रियों के लिए प्रतीक्षालय बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने प्लेटफार्म संख्या एक पर उत्तर की दिशा में मौजूदा वेटिंग हॉल को और बड़ा व व्यवस्थित करने को कहा. साथ ही पुराने एएसएम कार्यालय में प्रस्तावित वीआइपी लांज का भी मुआयना किया. इसी दौरान डीआरएम ने पूछताछ कार्यालय को दूसरी जगह शिफ्ट करने का भी निर्देश दिया. उन्होंने प्लेटफार्म पर यात्रियों के सीटिंग एरेजमेंट को सही करने का निर्देश देते हुए कहा कि इस तरह व्यवस्थित किया जाय कि एक ही जगह बैठकर यात्रियों का बड़ा समूह टीवी देख सके. इस अवसर पर स्टेशन अधीक्षक मनहर गोपाल, डीसीआइ राजेश रंजन श्रीवास्तव, आरपीएफ इंस्पेक्टर बीके विश्वकर्मा, एसएन प्रसाद, पप्पू पासवान, तनवीर आलम, एके राउत, पवन सिंह, टीके चटर्जी समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे.
जल्द चालू होगी लिफ्ट
सोमवार को श्री जैन एडीआरएम आरके पांडेय, सीनियर डीइएन कॉर्डिनेशन महबूब आलम, सीनियर डीइएन-1 सुमन भारती, सीनियर डीएसपी अभिषेक कुमार, सीनियर डीइइ, सीनियर डीइएन कैरेज एंड बैगन के अतिरिक्त एसीएम आशुतोष शरण के साथ जंकशन का निरीक्षण करने पहुंचे. सर्वप्रथम उन्होंने यात्री सुविधा विस्तार के नजरिये से प्लेटफार्म संख्या चार-पांच पर बन रहे एक्सीलरेटर का मुआयना किया. उन्हें बताया गया कि सारा काम हो चुका है, बिजली विभाग का कुछ काम बांकी है, जल्द ही इसे पूरा कर लिया जायेगा. प्लेटफार्म संख्या एक पर नये ओवरब्रीज के समीप ही एक्सीलरेटर लगाने का निर्देश दिया.
टिकट घर के पास बनेगा वेटिंग हॉल
डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान नव निर्मित टिकट घर के दक्षिण तथा पार्सल कार्यालय से पश्चिम के भाग में बने सेफ्टिक टेंक को दूसरी जगह स्थानांतरित कर वहां शेड लगाने को कहा. श्री जैन ने इस स्थल पर यात्रियों के बैठने के लिए हॉल बनाने का निर्देश दिया. साथ ही मुख्य द्वार से आवागमन में हो रही परेशानी को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की भीड़ को कम करने के नजरिये से पार्सल के पास एक अतिरिक्त गेट बनाने को कहा. इसके लिए एइएन दिलीप कुमार को प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया.
डीआरएम ने किया निरीक्षण, दिये कई निर्देश
पुराने यूटीएस भवन में बनेगा यात्री प्रतीक्षालय
जंकशन परिसर में प्रवेश के लिए बनेंगे तीन लेन
वाहनों के प्रवेश व निकास के लिए डेमो शुरू
वाहनों के प्रवेश के लिए बनेगा अलग लेन
डीआरएम ने जंकशन परिसर में प्रवेश के लिए वाहनों के अलग-अलग तीन लेन बनाने का निर्देश दिया. इसमें एक लेन वीआइपी गाड़ियों के लिए होगा. दूसरी लेन से निजी गाड़ियां आवागमन करेगी. वहीं मंदिर के पीछे ऑटो के लिए दो लेन बनाये जायेंगे. ये गाड़ियां उत्तर की दिशा के प्रवेश गेट से अंदर आकर दक्षिण गेट से निकल जायेगी. रस्सी से इस स्थल को तीन भाग में बांटकर डेमो भी शुरू कर दिया गया है.