सहरसा का शातिर भवेश साह गिरफ्तार

Published at :02 Jul 2017 12:52 AM (IST)
विज्ञापन
सहरसा का शातिर भवेश साह गिरफ्तार

सफलता. नैना की निशानदेही पर कार्रवाई, आधा दर्जन लड़कियों की जिंदगी कर चुका बरबाद दरभंगा : लड़कियों को ढाल बना कर सहरसा में दर्जनों लूट, राहजनी व बाइक लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी भवेश कुमार साह को दरभंगा पुलिस ने बड़े ही नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार किया है. बताया जाता है […]

विज्ञापन

सफलता. नैना की निशानदेही पर कार्रवाई, आधा दर्जन लड़कियों की जिंदगी कर चुका बरबाद

दरभंगा : लड़कियों को ढाल बना कर सहरसा में दर्जनों लूट, राहजनी व बाइक लूट की घटना को अंजाम देने वाले शातिर अपराधी भवेश कुमार साह को दरभंगा पुलिस ने बड़े ही नाटकीय अंदाज में गिरफ्तार किया है. बताया जाता है कि लगातार आपराधिक घटनाओं को अंजाम देकर भवेश ने सहरसा पुलिस की नींद हराम कर दी थी. लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के बाद सहरसा पुलिस जब भवेश के पीछे लगी, तो वह भागकर दरभंगा आ गया. यहां म्यूजियम रेलवे गुमती के समीप चर्चित यात्री निवास होटल में उसने अपना ठिकाना बना लिया था. होटल में रह कर भवेश दरभंगा में अपराध की योजना बना रहा था.
इस बीच भवेश एक हसीना जिसकी जिंदगी उसने बरबाद कर दी थी, उसका पीछा करते हुये दरभंगा आ गई. नैना यहां भवेश की तलाश कर रही थी. भवेश तो उसे नहीं मिला, लेकिन इस बीच पुलिस की नजर नैना पर पड़ी. लहेरियासराय थाना पुलिस नैना को एएसपी दिलनवाज अहमद के पास ले गई गई. पहले तो नैना ना नुकुर की लेकिन,
जब उसे पुलिस पर भरोसा हो गया तब उसने पुलिस को अपराधी भवेश के बारे में पूरी जानकारी दी. नैना द्वारा दी गई जानकारी पर एएसपी ने बेंता ओपी अध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज व पुअनि महादेव कामत के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया. टीम ने बड़े ही नाटकीय अंदाज में भवेश को दरभंगा जंक्शन के समीप से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद भवेश ने सहरसा के मेंहसी थाना क्षेत्र में लूट के लगभग आधे दर्जन वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसने बताया कि किस तरह नैना व अन्य लड़कियों को ढाल बनाकर अपराध की घटना को अंजाम देता था.
पुरानी प्रेमिका पूजा से 28 को दरभंगा में फिर से की शादी
सहरसा से दरभंगा आने के बाद उसकी मुलाकात अपनी पुरानी प्रेमिका समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय निवासी पूजा से हुई. भवेश के साथ पुलिस पूजा को भी थाने ले आयी.
पूजा ने बताया कि वह अपनी मां के साथ घोंघा बेचने सहरसा जाती थी. इसी दौरान दो साल पहले भवेश से प्रेम हो गया. बिना शादी के ही पत्नी की तरह उसके साथ रहने लगी, और गर्भवती हो गई. करीब एक साल पहले भवेश अचानक भाग गया. एक सप्ताह पहले भवेश का पता चला, तो वह मां के साथ दरभंगा आ गई. यहां 28 जून को मंदिर में भवेश से शादी करने के बाद यात्री निवास में रह रही थी. इसी बीच शुक्रवार की देर शाम पुलिस उसे गिरफ्तार कर लिया.
पति को जाल में फंसा कर नैना की जिंदगी कर दी तबाह
मधुबनी जिले की अंधराठाढ़ी निवासी नैना ने पुलिस को बताया कि चार साल पहले उसकी शादी सहरसा जिले के वार्ड नंबर 26 निवासी विजय शर्मा के साथ हुई थी. कमाने के लिये पति राजस्थान चले गये. साथ में वह भी चली गयी. अचानक भवेश वहां शबनम के साथ पहुंच गया. शबनम से उसके पति का संपर्क हो गया. इसके कारण पति-पत्नी में अनबन शुरू हो गयी. अनबन के बाद पति-पत्नी सहरसा चले आये. कुछ दिन बाद भवेश व शबनम भी सहरसा चले आये. करीब छह महीने पहले भवेश ने फोन कर बताया कि उसका पति शबनम के साथ एक होटल में है. वहां जाने पर दोनों को एक कमरे में देखा. केस होने के बाद विजय गिरफ्तार होकर जेल चला गया.
करीब तीन महीने पहले भवेश ने उसे उठा लिया और जबर्दस्ती की. नैना ने बतायी कि भवेश स्कार्पियो पर पत्नी की तरह बैठाकर बराबर लूट की घटना को अंजाम देता था.
युवतियों को जाल में फांस करता था अपराध
सहरसा जिले के मेहसी थाना क्षेत्र के बलुआहा निवासी दुखा साह के बेटे भवेश की शादी 12 वर्ष पहले सरिता से हुई. उससे उसे एक बेटा व एक बेटी भी है. भवेश दिन में अपना चाय व नाश्ते का होटल चलाता था. रात में टेम्पो चलाता था. इसी दौरान भवेश को बारी-बारी से शबनम, नैना, पूजा समेत कई युवतियों से सहरसा स्टेशन इलाके में संपर्क हुआ.
युवतियों से संपर्क होने के बाद उसका खर्च बढ़ने लगा. फिर भवेश युवतियों को ढाल बना कर 2011 में अपराध की दुनिया में कदम रखा. उसके गिरोह में कहरा का राजेश, गांधी चौक का मनोज आदि शामिल हो गये. भवेश युवतियों को ढाल बना कर राजेश की स्कार्पियो से अपराध की घटना को अंजाम देने निकल जाता था. वह लगातार मेहसी थाना क्षेत्र के बलुआहा पुल के समीप लूट की घटना को अंजाम देता था. जिस दिन रास्ते में कोई नहीं मिलता भवेश बकरी व खस्सी तक चुरा लेता था.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन