पटना: 'आगे लूट हो रही है, जेवर उतारकर रूमाल में रख लो' पुलिस बन महिला को दिया झांसा, लाखों के गहने ले भागे

Updated at : 03 May 2023 1:20 AM (IST)
विज्ञापन
पटना: 'आगे लूट हो रही है, जेवर उतारकर रूमाल में रख लो' पुलिस बन महिला को दिया झांसा, लाखों के गहने ले भागे

पटना में तीन युवकों ने पुलिस बन कर महिला को झांसा दिया और लाखों के गहने लेकर फरार हो गए. इस घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी को खंगाला. हालांकि, घटनास्थल से 500 मीटर आगे-पीछे कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था. पुलिस मामले की जांच में लगी है.

विज्ञापन

पटना. कदमकुआं थाने के नाला रोड स्थित एक अपार्टमेंट में रहने वाली 56 वर्षीय महिला रजनी मित्तल को सोमवार को बदमाशों ने झांसा दिया और उनकी सोने की चेन व अंगूठी को लेकर फरार हो गये. रजनी मित्तल ने घटना की जानकारी कदमकुआं थाना पुलिस को दी है.

आगे लूटपाट हो रही है, गहना उतार कर रूमाल में रख लें

बताया जाता है कि रजनी मित्तल सब्जी खरीदने के लिए नाला रोड आवास से निकली थीं. वह जैसे ही बुद्ध मूर्ति के पास पहुंचीं, वैसे ही उन्हें तीन युवक मिल गये. उन्होंने अपने को पुलिस बताया और महिला से कहा कि आगे लूटपाट हो रही है, इसलिए वह अपना गहना उतार कर रूमाल में रख लें. रजनी मित्तल डर गयीं और उनके दिये गये रूमाल में अपने सोने की चेन व अंगूठी को उतार कर रख लिया. लेकिन बदमाशों ने चालाकी से दूसरा रूमाल थमा दिया. इसके बाद वे लोग वहां से निकल गये.

पुलिस मामले की जांच में लगी है

रजनी मित्तल जब कुछ दूर आगे बढ़ी, तो उन्हें शक हुआ और रूमाल को खोल कर देखा, तो उसमें कुछ नहीं था. इसके बाद उन्होंने अपने घर पर मामले की जानकारी दी और फिर रजनी मित्तल व उनके पति व व्यवसायी प्रदीप कुमार मित्तल ने कदमकुआं थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी. घटना के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी को खंगाला. हालांकि, घटनास्थल से 500 मीटर आगे-पीछे कोई सीसीटीवी कैमरा नहीं था. पुलिस मामले की जांच में लगी है. विदित हो कि बाकरगंज, हथुआ मार्केट, बुद्ध मूर्ति इलाके में इस तरह की घटनाएं पहले भी घट चुकी है.

Also Read: गोपालगंज: पत्नी का अश्लील वीडियो हुआ वायरल, तो दुबई से आया पति और युवक को मार डाला, फिर…
स्कूटी सवार बदमाशों ने छीन लिया महिला से मोबाइल फोन

एक अन्य मामले में बदमाशों ने पटना में कंकड़बाग थाने के पाटलिपुत्र स्पोर्टस कॉम्पलेक्स के समीप महिला प्रीति देवी से झपट्टा मार कर मोबाइल छीन लिया और भाग गये. महिला पीसी कॉलोनी के जी सेक्टर की रहने वाली है. वह फोन से बात करते हुए जा रही थी. इसी बीच उनके पीछे से स्कूटी पर सवार एक बदमाश पहुंचा और मोबाइल को झपट्टा मार कर फरार हो गये. बदमाशों की यह करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है. पुलिस बदमाश की पहचान करने में जुटी है. बदमाश लाल और काले रंग की स्कूटी पर सवार थे और हेलमेट लगाये हुए थे. प्रीति ने मामले की जानकारी कंकड़बाग थाना पुलिस को दी है. दूसरी ओर गांधी मैदान थाने के सालिमपुर अहरा निवासी आदित्य प्रताप से बदमाशों ने मौर्या होटल के समीप मोबाइल छीन लिया. आदित्य मूल रूप से नवादा के नारदीगंज के रहने वाले हैं और पटना में रहकर पढ़ाई करते हैं. आदित्य ने गांधी मैदान थाने में मामला दर्ज कराया है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन