दुमका में व्यवसायी से 9.50 लाख रुपये के आभूषणों की लूट, अपराधियों ने कनपटी पर पिस्तौल सटा दिया घटना को अंजाम
Published by : Sameer Oraon Updated At : 09 Apr 2026 6:53 PM
दुमका में व्यवसायी से आभूषणों की लूट
Dumka Crime News: दुमका के तालझारी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी है. बुधवार शाम दुकान बंद कर घर लौट रहे स्वर्ण व्यवसायी दिलीप कुमार साह से चार नकाबपोश अपराधियों ने पिस्तौल के बल पर करीब 9.50 लाख रुपये के जेवरात लूट लिए. नीले रंग की अपाचे पर सवार अपराधी दो किलो चांदी और 35 ग्राम सोना लेकर फरार हो गए हैं. पढ़ें इस पूरे मामले पर पुलिस का क्या कहना है
Dumka Crime News, दुमका (आनंद जायसवाल): दुमका जिले के जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत तालझारी थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी से लाखों रुपये के आभूषण लूट लिए. तालझारी हाट के समीप घटित इस वारदात में दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश अपराधियों ने करीब 9.50 लाख रुपये मूल्य के सोने और चांदी पर हाथ साफ किया. घटना के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय व्यापारियों में अपनी सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है.
पिस्तौल सटाकर दी जान से मारने की धमकी
पीड़ित आभूषण विक्रेता दिलीप कुमार साह कुशमाहा गांव के रहने वाले हैं. उन्होंने अपने साथ हुए वारदात के संबंध में बताया कि 8 अप्रैल की शाम वह अपनी दुकान बंद करने के बाद जेवरात को एक थैले में रखकर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे. उनके साथ उनके संबंधी हरिनंदन साह भी पीछे बैठे थे. इसी दौरान पीछे से आ रहे अपराधियों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया. अपराधियों ने व्यवसायी की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देते हुए जेवरातों से भरा थैला छीन लिया. लूट की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पुराना थाना गली की ओर भाग निकले.
Also Read: पतरातू के हेसला में जमीन विवाद पर बवाल: सड़क जाम, टायर जलाकर उग्र प्रदर्शन, पुलिस-प्रशासन आमने-सामने
9.50 लाख के जेवरातों की हुई लूट
पीड़ित व्यवसायी के अनुसार, लूटे गए थैले में लगभग दो किलोग्राम चांदी और 35 ग्राम सोना था. वर्तमान बाजार दर के हिसाब से इन जेवरातों की कुल कीमत करीब 9.50 लाख रुपये आंकी गई है. प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित के बयान के अनुसार, अपराधी नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार थे और उन्होंने चेहरे को ढक रखा था. घटना के तुरंत बाद व्यवसायी ने तालझारी थाने पहुंचकर मामले की जानकारी पुलिस को दी, जिसके बाद क्षेत्र में नाकाबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया गया है.
पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही तालझारी थाना पुलिस सक्रिय हो गई है और अपराधियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके. हालांकि, शाम के समय भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस लूट ने पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है. पुलिस ने व्यवसायियों को आश्वासन दिया है कि जल्द ही अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sameer Oraon
समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










