धनबाद से दुमका लौट रहा था परिवार, रास्ते में चलती कार का फटा चक्का; 4 गंभीर

Updated:
विज्ञापन

हादसे में क्षतिग्रस्त कार.

धनबाद से दुमका लौट रहे परिवार की कार का अचानक चक्का फटा. तेज रफ्तार कार पुलिया से टकराई, 4 लोग घायल. ग्रामीणों ने बचाई जान.

विज्ञापन

मसलिया, प्रतिनिधि : गोबिंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग पर मसलिया थाना क्षेत्र के नवासार गांव के समीप शुक्रवार को तेज रफ्तार कार का अगला चक्का अचानक फट गया. चक्का फटते ही कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पुलिया की रेलिंग से जोरदार टकरा गयी. हादसे में कार सवार एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गये.

आपके शहर में

विज्ञापन

घायलों में 35 वर्षीय महिला चालक, उनकी 58 वर्षीय सास, 15 वर्षीय पुत्री और 12 वर्षीय पुत्र शामिल हैं. सभी को इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

पति को धनबाद छोड़कर दुमका लौट रहा था परिवार

बताया गया कि महिला अपने पति को धनबाद में छोड़कर अपनी सास, पुत्री और पुत्र के साथ कार से दुमका लौट रही थी. कार संख्या डीएल14 एफसी1161 धनबाद से दुमका की ओर जा रही थी. इसी दौरान नवासार गांव के समीप कार का अगला चक्का अचानक फट गया.

चक्का फटने के बाद तेज रफ्तार कार असंतुलित हो गयी. महिला चालक ने कार को नियंत्रित करने का काफी प्रयास किया, लेकिन वह वाहन को संभाल नहीं सकी. देखते ही देखते कार सड़क किनारे स्थित पुलिया की रेलिंग से जा टकरायी.

जोरदार टक्कर से कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. हादसे में कार में सवार सभी चार लोग घायल हो गये. कार का एयरबैग खुलने से महिला चालक की जान बच गयी, हालांकि उसे भी गंभीर चोटें आयी हैं.

वहीं 58 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल होकर कुछ समय के लिए बेहोशी की अवस्था में थी. ग्रामीणों के अनुसार, उसके हाथ, पैर और कमर में गंभीर चोटें आयी हैं. कार में सवार 15 वर्षीय किशोरी और 12 वर्षीय बालक को भी चोटें आयी हैं.

एंबुलेंस का इंतजार नहीं, ग्रामीणों ने दिखाई तत्परता

हादसे के बाद घटनास्थल पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गयी. ग्रामीणों ने तत्काल कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उनकी मदद की. सरकारी एंबुलेंस के पहुंचने का इंतजार करने के बजाय ग्रामीणों ने निजी वाहन की व्यवस्था की और सभी घायलों को इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेजा.

अस्पताल में चल रहा इलाज

अस्पताल में चारों घायलों को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है. हादसे के बाद घटनास्थल पर कुछ देर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. दुर्घटनाग्रस्त कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola