केसरिया सैलाब में डूबा बासुकिनाथ,सावन पूर्णिमा पर बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में उमड़ी भीड़

Updated:
विज्ञापन

बासुकिनाथ मंदिर में कांवरियों की भीड़| Prabhat Khabar Network

सावन पूर्णिमा के अवसर पर बासुकिनाथ धाम में बाबा फौजदारीनाथ के जलार्पण के लिए कांवरियों की भारी भीड़ उमड़ी. बोल बम के जयघोष से गूंज उठा पूरा मंदिर परिसर.

विज्ञापन

प्रतिनिधि, बासुकिनाथ : सावन पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को बाबा फौजदारीनाथ के दरबार में आस्था और विश्वास का सैलाब उमड़ पड़ा. अहले सुबह पुरोहित पूजा के बाद करीब तीन बजे जलार्पण शुरू होते ही श्रद्धालुओं की कतार बढ़ती चली गयी. सुल्तानगंज से गंगाजल लेकर पहुंचे कांवरियों ने अरघा में जल अर्पित कर बाबा फौजदारीनाथ की पूजा की और सुख-समृद्धि की कामना की.

आपके शहर में

विज्ञापन

बासुकिनाथ धाम का पूरा इलाका बोल बम और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा. लाल, पीले और केसरिया वस्त्रों में हाथों में गंगाजल लिये कांवरिये बाबा मंदिर की ओर बढ़ते रहे. मंदिर प्रांगण, शिवगंगा घाट और मेला क्षेत्र श्रद्धालुओं से पटा रहा.

3 बजे शुरू हुआ जलार्पण, लंबी होती गयी कांवरियों की कतार

सरकारी पूजा के बाद गर्भगृह में जलार्पण का सिलसिला शुरू हुआ, जो लगातार जारी रहा. श्रद्धालु कतारबद्ध होकर शांतिपूर्ण तरीके से बाबा फौजदारीनाथ पर गंगाजल अर्पित करते रहे.

कांवरियों की कतार संस्कार मंडप, फलाहारी धर्मशाला, क्यू कॉम्पलेक्स, शिवगंगा पीड़ और कुशवाहा धर्मशाला तक पहुंच गयी. दिनभर मंदिर प्रांगण और मेला परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही.

रक्षा सूत्र बांधकर मांगी सुख-समृद्धि

सावन पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं ने बाबा फौजदारीनाथ की विशेष पूजा-अर्चना की. भक्तों ने बाबा को रक्षा सूत्र बांधकर परिवार की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की. मंदिर परिसर में शंख ध्वनि, घंटियों की आवाज और वैदिक मंत्रोच्चारण से वातावरण भक्तिमय बना रहा.

पंडितों ने षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना करायी. श्रद्धालुओं ने स्पर्श पूजा कर बाबा का आशीर्वाद लिया. शिवलिंग पर धतूरा, भांग, बेलपत्र, गंगाजल, अक्षत, फूल, फल, शहद, दूध और दही अर्पित कर आरती की गयी. कई कांवरियों ने शिव तांडव स्तोत्र का पाठ भी किया. श्रद्धालुओं ने ब्राह्मणों को दान-पुण्य कर पर्व मनाया.

शिवगंगा में उमड़ी भीड़, एनडीआरएफ रही अलर्ट

सावन पूर्णिमा पर पवित्र शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे कांवरियों ने शिवगंगा में स्नान किया और इसके बाद गंगाजल लेकर बाबा फौजदारीनाथ के दर्शन व जलार्पण के लिए कतार में शामिल हुए.

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए शिवगंगा में एनडीआरएफ की टीम अलर्ट मोड में रही. मोटर बोट के माध्यम से जवान लगातार निगरानी करते रहे. स्नान करने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर विशेष नजर रखी गयी.

‘बोल बम’ के जयघोष से गूंजता रहा पूरा धाम

सावन पूर्णिमा पर बासुकिनाथ धाम पूरी तरह शिवमय नजर आया. हाथों में गंगाजल और जुबान पर बोल बम व हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कांवरिये बाबा की नगरी में पहुंचते रहे.

संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने पहले से व्यापक व्यवस्था की थी. मंदिर परिसर में तैनात अधिकारी और सुरक्षाकर्मी कांवरियों की कतार को व्यवस्थित करते रहे और श्रद्धालुओं को क्रमवार गर्भगृह की ओर भेजते रहे. भारी भीड़ के बावजूद जलार्पण व्यवस्था शांतिपूर्ण ढंग से चलती रही.

बासुकिनाथ मंदिर में कांवरियों की भीड़, शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाते, कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
बासुकिनाथ मंदिर में कांवरियों की भीड़, शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाते, कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
बासुकिनाथ मंदिर में कांवरियों की भीड़, शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाते, कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
बासुकिनाथ मंदिर में कांवरियों की भीड़, शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाते, कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
बासुकिनाथ मंदिर में कांवरियों की भीड़, शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाते, कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network
बासुकिनाथ मंदिर में कांवरियों की भीड़, शिवगंगा में आस्था की डुबकी लगाते, कतारबद्ध श्रद्धालु | Prabhat Khabar Network


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola