सिमडेगा में शर्मसार हुए रिश्ते, शराब के नशे में बेटे ने पिता को कुल्हाड़ी से काटा, आरोपी पुत्र गिरफ्तार

Published by : Sameer Oraon Updated At : 09 Apr 2026 5:37 PM

विज्ञापन

गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस

Simdega Crime News: सिमडेगा के पाकरटांड़ में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां नशे में धुत्त बेटे ने अपने ही पिता की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी. केउन्दडीह बगीचाटोली में हुई इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में मातम पसरा है. पुलिस ने आरोपी विनोद केरकेट्टा को सलाखों के पीछे भेज दिया है, लेकिन पिता-पुत्र के इस खूनी विवाद ने सबको स्तब्ध कर दिया है. देखिए, कैसे शराब की लत ने एक बेटे को अपने ही पिता का जल्लाद बना दिया.

विज्ञापन

Simdega Crime News, सिमडेगा (रविकांत साहू): सिमडेगा जिले के पाकरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत केउन्दडीह बगीचाटोली गांव में बुधवार की रात रिश्तों के कत्ल की एक ऐसी दास्तां लिखी गई, जिसने मानवता को शर्मसार कर दिया है. शराब के नशे में चूर एक बेटे ने मामूली विवाद के बाद अपने ही वृद्ध पिता की धारदार कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी. इस जघन्य अपराध के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और ग्रामीणों के बीच भारी आक्रोश देखा जा रहा है. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चंद घंटों के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया है.

पहले जमी शराब की महफिल फिर मौत का मंजर

मिली जानकारी के अनुसार, घटना 8 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7 बजे की है. 45 वर्षीय आरोपी विनोद केरकेट्टा अपने पिता पात्रिक केरकेट्टा (65) के साथ घर के भीतर बैठकर शराब पी रहा था. नशा जैसे-जैसे चढ़ता गया, दोनों के बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते यह विवाद इतना हिंसक हो गया कि विनोद अपना आपा खो बैठा और घर में रखी कुल्हाड़ी उठा लाया. उसने बिना सोचे-समझे अपने पिता के सिर और गर्दन पर एक के बाद एक कई प्रहार किए, जिससे वृद्ध पात्रिक केरकेट्टा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.

Also Read: चतरा के हंटरगंज में आवासीय विद्यालय की छात्रा हुई गर्भवती, परिजनों का हंगामा, जांच शुरू

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी

वारदात की सूचना पाकर पाकरटांड़ थाना पुलिस तुरंत गांव पहुंची और खून से लथपथ शव को अपने कब्जे में लिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं. मृतक के परिजनों द्वारा दिए गए लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज करते हुए पुलिस ने सघन छापेमारी शुरू की. गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी विनोद केरकेट्टा को गिरफ्तार कर लिया. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून से सनी कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है.

नशे के खिलाफ उठती आवाज

इस घटना के बाद से गांव में गहरा मातम पसरा है, साथ ही यह लोगों में असुरक्षा का भाव भी पैदा कर दिया है. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब की बिक्री और बढ़ती नशाखोरी के कारण ऐसी हिंसक घटनाएं आम होती जा रही हैं. उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि शराब के अवैध अड्डों पर लगाम लगाई जाए ताकि भविष्य में किसी अन्य परिवार को ऐसे ‘कलयुगी’ अंत का सामना न करना पड़े. फिलहाल, आरोपी जेल की सलाखों के पीछे है और पुलिस कानूनी औपचारिकताओं को पूरा करने में जुटी है.

Also Read: झारखंड में गैस किल्लत पर मंत्री इरफान अंसारी हुए लाल, अधिकारियों को 10 दिन का अल्टीमेटम

विज्ञापन
Sameer Oraon

लेखक के बारे में

By Sameer Oraon

समीर उरांव, डिजिटल मीडिया में सीनियर जर्नलिस्ट हैं और वर्तमान में प्रभात खबर.कॉम में सीनियर कटेंट राइटर के पद पर हैं. झारखंड, लाइफ स्टाइल और स्पोर्ट्स जगत की खबरों के अनुभवी लेखक समीर को न्यूज वर्ल्ड में 5 साल से ज्यादा का वर्क एक्सपीरियंस है. वह खबरों की नब्ज पकड़कर आसान शब्दों में रीडर्स तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं. साल 2019 में बतौर भारतीय जनसंचार संस्थान से पत्रकारिता करने के बाद उन्होंने हिंदी खबर चैनल में बतौर इंटर्न अपना करियर शुरू किया. इसके बाद समीर ने डेली हंट से होते हुए प्रभात खबर जा पहुंचे. जहां उन्होंने ग्राउंड रिपोर्टिंग और वैल्यू ऐडेड आर्टिकल्स लिखे, जो रीडर्स के लिए उपयोगी है. कई साल के अनुभव से समीर पाठकों की जिज्ञासाओं का ध्यान रखते हुए SEO-ऑप्टिमाइज्ड, डेटा ड्रिवन और मल्टीपल एंगल्स पर रीडर्स फर्स्ट अप्रोच राइटिंग कर रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola