Bihar News: बगहा में ट्रैक्टर पलटने से ड्राइवर की मौत, बहन के ससुराल से निकलते ही हादसे में गयी जान
Published by : ThakurShaktilochan Sandilya Updated At : 17 Aug 2025 6:03 PM
दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर
Bihar News: बगहा में एक ट्रैक्टर ट्रॉली के पलटने से ड्राइवर की मौत हो गयी. ओवरलोड ईंट लेकर जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और पलट गया. दबकर चालक की मौत हो गयी.
Bihar News: पश्चिम चंपारण के पुलिस जिला बगहा में ओवरलोड ईंट लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गयी. जिसमें ड्राइवर की मौत हो गयी. घटना धनहा थाना क्षेत्र के नवका टोला गांव के सामने पीपी तटबंध बांध पर रविवार को हुई है. ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
ओवरलोड वाहनों पर रोक लगाने की मांग
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों में गुस्सा दिखा. ग्रामीणों ने बताया कि इस क्षेत्र में लगातार ओवरलोडिंग का खेल चल रहा है. लेकिन प्रशासन की ओर से रोकथाम नहीं की जा रही है. वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन बल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया. ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ओवरलोड वाहनों पर रोक लगे. ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके.
ट्रैक्टर के नीचे दबा था ड्राइवर, मौत
धनहा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार ने बताया कि ईंट लदा ट्रैक्टर-ट्रॉली उत्तर प्रदेश से भितहा के तरफ से आ रहा था. नवका टोला गांव के सामने पीपी तटबंध पर साइड देने के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गया. ग्रामीण के सहयोग से ट्रैक्टर के नीचे दबे चालक को बाहर निकाला गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी. उन्होंने बताया कि मृतक चालक की पहचान नवलपुर निवासी मुन्ना गुप्ता के रूप में की गयी है. बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल बगहा भेज दिया गया है.
बहन की नहीं मानी बात, काल के गले में समाया
हादसे में जान गंवाने वाले चालक की बहन की शादी घटनास्थल से एक किलोमीटर की ही दूरी पर सेमरवारी गांव में हुई है. चालक अपनी बहन के घर से नाश्ता करके आ रहा था. जानकारी मिली कि चालक की बहन ने तेज धूप होने की बात करते हुए उसे रुक जाने को कहा था, पर वह नहीं माना और रास्ते में दुर्घटना में उसकी मौत हो गयी.
(चंद्रप्रकाश आर्य की रिपोर्ट)
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By ThakurShaktilochan Sandilya
डिजिटल मीडिया का पत्रकार. प्रभात खबर डिजिटल की टीम में बिहार से जुड़ी खबरों पर काम करता हूं. प्रभात खबर में सफर की शुरुआत 2020 में हुई. कंटेंट राइटिंग और रिपोर्टिंग दोनों क्षेत्र में अपनी सेवा देता हूं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










