मोतिहारी : ढाका में मामूली विवाद में भिड़े दो गुट, फायरिंग, पथराव में 10 घायल

Updated at : 02 Jan 2017 5:46 AM (IST)
विज्ञापन
मोतिहारी : ढाका में मामूली विवाद में भिड़े दो गुट, फायरिंग, पथराव में 10 घायल

मोतिहारी (सिकरहना) : बिहारके मोतिहारी में लकड़ी उठाने के मामूली विवाद को लेकर ढाका थाना के पड़री गांव में दो गुटों के बीच रविवार को जमकर मारपीट हुई. इस दौरान दोनों तरफ से पथराव व हवाई फायरिंग हुई. घटना में मुखिया अख्तर खान के भाई असलम सहित दोनों गुटों से करीब 10 लोग घायल हो […]

विज्ञापन

मोतिहारी (सिकरहना) : बिहारके मोतिहारी में लकड़ी उठाने के मामूली विवाद को लेकर ढाका थाना के पड़री गांव में दो गुटों के बीच रविवार को जमकर मारपीट हुई. इस दौरान दोनों तरफ से पथराव व हवाई फायरिंग हुई. घटना में मुखिया अख्तर खान के भाई असलम सहित दोनों गुटों से करीब 10 लोग घायल हो गये. घायलों को ढाका रेफरल अस्पताल व अन्य जगहों पर इलाज कराया जा रहा है. मारपीट के क्रम में सात चक्र हवा में फायरिंग की गयी.

इस दौरान गांव के ही मो. खैतुन के नाश्ता-चाय व मो. जोहरा खातून की किराना दुकान में आग लगा दी गयी. सूचना पर मौके पर पहुंची सिकरहना डीएसपी बमबम चौधरी, ढाका, कुंडवा चैनपुर व घोड़ासहन आदि पुलिस कैंप कर रही है. घटना को लकड़ी विवाद के अलावा पंचायत चुनाव से भी जोड़ कर देखा जा रहा है.

ग्रामीणों व घायलों के अनुसार, औरंगजेब खान के परिजन अपने चाचा फिरोज खान के यहां नये साल का दावत खाने जा रहे थे. इस क्रम में रास्ते में घेर कर दूसरे गुट के लोगों ने मारपीट की. घटना को देख दोनों गुटों की ओर से लाठी का प्रयोग व रोड़ेबाजी की गयी. इस दौरान सात राउंड हवाई फायरिंग की गयी. कई लोगों को नाले में डूबो कर पीटा गयी. इसमें असलम खान, कोमैन खान, परवेज खान, इस्तेयाक, व औरंगजेब खान सहित करीब 10 लोग घायल हो गये. तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस कैंप कर रही है.

गांव से पुलिस कैंप हटते ही हुई मारपीट
ढाका थाना के पड़री गांव में 28 व 29 दिसंबर को भी दोनों पक्षों के बीच लकड़ी को लेकर मारपीट हुई थी. इस दौरान पथराव में एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए थे. मुखिया अख्तर खान की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई थी. घटना के बाद गांव में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. गांव में शांति देख शनिवार को पुलिस कैंप हटते ही रविवार को करीब 11.30 बजे फिर दोनों गुट उलझ गये. दारोगा रजा अहमद ने बताया कि रविवार को दस बजे नियमित गश्ती कर थाना लौटे थे कि पथराव की सूचना मिली. वे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. घटना को लेकर दोनों गुटों में अब भी प्रतिशोध की आग जल रही है.

दुकान में एक लाख से अधिक की क्षति
पड़री गांव में पथराव व मारपीट की घटना के क्रम में दो विधवा महिलाओं की दुकानों में आग लगाने की बात पुलिस को भी समझ में नहीं आ रही है. आग में दोनों दुकानों में करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है. मो. खैतुन व मो. जोहरा खातून का रो-रो कर बुरा हाल है. वे रोते हुए कहती हैं कि दुकान ही बच्चों के पालन-पोषण का सहारा था. अब कौन सहारा बनेगा.

फायरिंग की बात सामने आयी है. जांच में बात सही साबित होने पर आर्म्स जब्त कर निलंबन के लिए वरीय अधिकारी को लिखा जायेगा. घटना पुराने प्रतिशोध का नतीजा है. दुकान में किसने आग लगायी आदि बिंदुओं पर जांच की जा रही है. स्थिति नियंत्रण में है. गांव में पुलिस कैंप कर रही है.
(बमबम चौधरी, सिकरहना डीएसपी)

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन