बिहार: भागलपुर में सड़क किनारे पलटी कार बनी रहस्य, चारदीवारी से टक्कर के बाद उड़े परखच्चे, सभी सवार गायब..

Bihar news: भागलपुर में सोमवार अहले सुबह एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गयी. कार चालक ने संतुलन खोया और चारदीवारी में जोरदार टक्कर मार दी. कार के परखच्चे उड़ गए. वहीं कार के अंदर सवार लोग किसी तरह बाहर निकलकर भागने में सफल रहे.
Road Accident Bihar: भागलपुर में सोमवार अहले सुबह एक सड़क हादसा हुआ. तिलकामांझी थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा रोड में अहले सुबह लोगों की नजर सड़क किनारे पलटी एक कार पर गयी. कोई सुबह टहलने के लिए रोजाना की तरह निकले थे तो कोई अपने बच्चों को स्कूल पहुंचाने. उनकी नजर जब कैंप जेल और सेंट्रल जेल के बीच एरिया में चारदीवारी से टकराकर एक पलटी हुई कार पर गयी तो सभी वहां जमा हो गए. वहीं एक और ऐसी ही घटना उसी रोड पर रविवार देर शाम घटी थी.
सोमवार अहले सुबह हवाई अड्डा रोड पर एक स्विफ्ट डिजायर कार हादसे का शिकार बनी. अनियंत्रित होकर कार सड़क से नीचे कच्चे रास्ते पर उतर गयी और दीवार से टकरा गयी. गाड़ी किस कदर अनियंत्रित होकर बढ़ी होगी इसका अंदाजा घटनास्थल पर दीवार में बने निशान से पता चल रहा है जहां चारदीवारी के सबसे ऊपर वाले हिस्से में कार से घिसने का काफी लंबा निशान है. कार के परखच्चे उड़ गए और गाड़ी वहीं पलट गयी.
लोगों की जब नजर पड़ी तो वो वहां जुटे. मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि ये सुबह ही हादसा हुआ होगा. लोग गाड़ी के अंदर झांकने लगे कि शायद कोई अंदर फंसा हो. लेकिन सभी मौके से फरार हो गए थे. गाड़ी के अंदर खून के भी छींटे दिख रहे थे. हादसे का शिकार बने स्विफ्ट डिजायर का नंबर BR 10AB3359 है. मौके पर तिलकामांझी थाना पुलिस पहुंची और क्रेन की मदद से गाड़ी को हटाया गया. भागलपुर पुलिस मामले की जांच में जुटी है. गाड़ी में बैठे लोगों की भी खोज की जा रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




