बक्सर ओपन जेल में बनेगा धन्वंतरी उद्यान, DM ने किया औषधीय वाटिका का उद्घाटन

ओपेन जेल में पौधरोपण कर उद्यान का उद्घाटन करती डीएम व मौजूद एसपी समेत अन्य अधिकारी | Prabhat Khabar Network
बक्सर के ओपेन जेल में बंदियों के लिए धनवंतरी औषधीय उद्यान का उद्घाटन हुआ। डीएम ने जेल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
Buxar News : बिहार के एकमात्र मुक्त कारागार (ओपन जेल) बक्सर में अब औषधीय पौधों की हरियाली देखने को मिलेगी. जेल परिसर में धन्वंतरी उद्यान (औषधीय वाटिका) तैयार किया गया है, जिसका उद्घाटन शनिवार को जिला पदाधिकारी साहिला ने किया. इस दौरान डीएम ने मुक्त कारागार का निरीक्षण कर बंदियों को उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया.
औषधीय पौधों से स्वास्थ्य और प्रकृति से जुड़ेंगे बंदी
निरीक्षण के क्रम में डीएम ने मुक्त कारागार परिसर में बने धन्वंतरी उद्यान का विधिवत उद्घाटन किया. उद्यान में विभिन्न प्रकार के औषधीय पौधे लगाए गए हैं. इसका उद्देश्य बंदियों को प्रकृति से जोड़ना और स्वास्थ्य लाभ का अवसर उपलब्ध कराना है.
बंदियों की सुविधाओं पर डीएम ने दिए निर्देश
डीएम ने कारागार में बंदियों के आवासन, भोजन, स्वच्छता और समग्र प्रबंधन व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया. उन्होंने कारा अधीक्षक मनीष कुमार समेत संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए.
उन्होंने कहा कि मुक्त कारागार केवल सजा देने का स्थान नहीं, बल्कि सुधार गृह के रूप में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. बंदियों को बेहतर वातावरण, शिक्षा और कौशल विकास के अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है.
पुस्तकालय और पेयजल व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश
डीएम ने कारागार में उपलब्ध पुस्तकालय को और समृद्ध करने का निर्देश दिया, ताकि बंदी शिक्षा और सकारात्मक साहित्य से जुड़ सकें. इसके अलावा परिसर में स्वच्छ पेयजल की सुविधा के लिए वाटर एटीएम (आरओ) लगाने का भी निर्देश दिया गया.
निरीक्षण के दौरान पुलिस कप्तान शुभम आर्य, सेंट्रल जेल के अधीक्षक-सह-वृत्ताधीक्षक ज्ञानता गौरव, मुक्त कारा के काराधीक्षक मनीष कुमार, जेलर विजय कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










