बक्सर में सड़क चौड़ीकरण की धीमी रफ्तार से बढ़ी मुसीबत, धूल-गिट्टी के बीच सफर को मजबूर लोग

Updated:
विज्ञापन

फोटो- सड़क पर विखरा स्टोन एवं डस्ट | Prabhat Khabar Network

बक्सर में गोलंबर से ज्योति प्रकाश चौक तक सड़क निर्माण कार्य अधूरा होने से लोग धूल और प्रदूषण से परेशान हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द काम पूरा करने की मांग की।

विज्ञापन

Buxar News : नगर के गोलंबर से ज्योति प्रकाश चौक तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य की धीमी रफ्तार से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. निर्माण एजेंसी द्वारा पुरानी सड़क की कालीकरण परत हटाए हुए कई महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं हो सका है. अधूरी सड़क पर बिखरी गिट्टी, मिट्टी और स्टोन डस्ट के कारण राहगीरों, दुकानदारों और स्थानीय लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.

धूल के गुबार से बढ़ी परेशानी

सड़क पर दिनभर वाहनों की आवाजाही से धूल का गुबार उड़ रहा है. इससे आने-जाने वाले लोगों के साथ-साथ सड़क किनारे स्थित घरों और दुकानों तक धूल पहुंच रही है. लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और त्वचा संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. बच्चों और बुजुर्गों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है.

महीनों से अधूरा पड़ा है निर्माण कार्य

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य काफी धीमी गति से चल रहा है. कई स्थानों पर काम पूरी तरह रुका हुआ है. कालीकरण हटाने के बाद सड़क पर गिट्टी और मिट्टी छोड़ दी गई है, लेकिन धूल नियंत्रण के लिए न तो नियमित पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है.

पूर्व वार्ड पार्षद ने उठाए सवाल

पूर्व वार्ड पार्षद राकेश कुमार सिंह ने विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए कहा कि नगरवासियों के स्वास्थ्य की अनदेखी की जा रही है. उन्होंने कहा कि धूल के कारण श्वसन संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है. विभाग को तत्काल निर्माण कार्य में तेजी लाने और नियमित रूप से पानी का छिड़काव कर धूल पर नियंत्रण करने की व्यवस्था करनी चाहिए.

बारिश से काम प्रभावित : कार्यपालक अभियंता

पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि लगातार बारिश के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है. मौसम अनुकूल होते ही कार्य में तेजी लाई जाएगी और सड़क निर्माण जल्द पूरा कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर अब तक कालीकरण नहीं हो सका है, वहां भी शीघ्र कालीकरण का कार्य कराया जाएगा.


विज्ञापन
आशुतोष सिंह

लेखक के बारे में

By आशुतोष सिंह

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन