बक्सर में 'हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर प्रशासन अलर्ट, 15 अगस्त की तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश
फोटो - बैठक में शामिल अधिकारी | Prabhat Khabar Network
बक्सर डीएम ने हर घर तिरंगा अभियान और स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Buxar News : स्वतंत्रता दिवस समारोह एवं हर घर तिरंगा अभियान-2026 की तैयारियों को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अभियान के सफल संचालन और 15 अगस्त समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया गया.
'वंदे मातरम् के 150 वर्ष' थीम पर होगा आयोजन
जिलाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष हर घर तिरंगा अभियान "वंदे मातरम् के 150 वर्ष" थीम पर आयोजित किया जा रहा है. अभियान का उद्देश्य प्रत्येक घर, सरकारी कार्यालय और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रगौरव की भावना को मजबूत करना है. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य संस्थानों में देशभक्ति आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं.
तिरंगा रैली से लेकर रंगोली तक होंगे कार्यक्रम
बैठक में सभी सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रैली, सेल्फी विद तिरंगा, तिरंगा रंगोली, त्रिवर्णीय प्रकाश सज्जा, सामूहिक वंदे मातरम् गायन तथा जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कराने का निर्देश दिया गया.
स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं
जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों में चित्रकला, निबंध लेखन, ऑनलाइन क्विज, तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली और सामूहिक वंदे मातरम् गायन जैसे कार्यक्रम आयोजित कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई. डीएम ने बताया कि इस वर्ष भी मुख्य ध्वजारोहण समारोह किला मैदान में आयोजित होगा. इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों और महादलित टोलों में वरीय अधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा.
साफ-सफाई, बैरिकेडिंग और मेडिकल टीम की होगी व्यवस्था
जिलाधिकारी ने नगर परिषद को किला मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने, भवन प्रमंडल को रंग-रोगन, बैरिकेडिंग और वॉच टावर की व्यवस्था समय पर पूरी करने तथा स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां समय पर पूरी करने पर जोर दिया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










