बक्सर में रोटरी क्लब ने छात्रों को सिखाए जीवन बचाने के गुर, CPR प्रशिक्षण में लोग हुए शामिल
शिविर में उपस्थित लोग | Prabhat Khabar Network
रोटरी क्लब बक्सर ने बक्सर पब्लिक स्कूल में सीपीआर प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया, जिसमें छात्रों और शिक्षकों को आपात स्थिति में जीवन बचाने की तकनीक सिखाई गई।
Buxar News : रोटरी क्लब बक्सर की ओर से मंगलवार को बाजार समिति रोड स्थित बक्सर पब्लिक स्कूल में सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में रोटेरियन डॉ. दिलशाद आलम ने छात्रों और शिक्षकों को हृदय गति रुकने अथवा हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में जीवन बचाने वाली सीपीआर तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया.
100 छात्र-छात्राओं और 20 शिक्षकों ने लिया प्रशिक्षण
शिविर में विद्यालय की कक्षा 9 एवं 10 की छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया. करीब 100 छात्र-छात्राओं और 20 शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सीपीआर की प्रक्रिया सीखी और जाना कि आपात स्थिति में समय रहते सही तकनीक अपनाकर किसी व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है. करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रशिक्षण को दो सत्रों में आयोजित किया गया.
डमी पर कराया गया लाइव डेमो
डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि दिल की धड़कन या सांस रुकने की स्थिति में तुरंत सीपीआर देने से शरीर और मस्तिष्क तक ऑक्सीजन युक्त रक्त का संचार बना रहता है, जिससे मरीज के जीवित बचने की संभावना दो से तीन गुना तक बढ़ जाती है. उन्होंने डमी के माध्यम से हाथों की सही स्थिति, दबाव देने की गति और गिनती के साथ सीपीआर का लाइव प्रदर्शन भी किया.
समाज में जागरूकता बढ़ाने की अपील
रोटरी क्लब के अध्यक्ष रो. निर्मल कुमार सिंह ने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से छात्र और शिक्षक न केवल स्वयं जागरूक बनते हैं, बल्कि समाज में भी जीवनरक्षक तकनीकों के प्रति जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. उन्होंने डॉ. दिलशाद आलम और सभी रोटेरियन का आभार व्यक्त किया.
विद्यालय प्रबंधन ने की पहल की सराहना
शिविर में रो. प्रदीप कुमार जायसवाल, रो. डॉ. दिलशाद आलम, रो. एस. एम. साहिल, रोटेरियन नरेश पोद्दार सहित रोटरी क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे. विद्यालय प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने का अनुरोध किया.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











