नगर पंचायत ब्रह्मपुर : सरकारी विभागों पर 10 लाख से अधिक का होल्डिंग टैक्स बकाया, ईओ बोले- विभाग नहीं दिखा रहे रुचि

Updated:
विज्ञापन

ब्रह्मपुर नगर पंचायत के कई सरकारी विभागों पर 10 लाख रुपये से अधिक का होल्डिंग टैक्स बकाया है। नोटिस के बाद भी भुगतान न होने से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

विज्ञापन

ब्रह्मपुर नगर पंचायत ब्रह्मपुर में विकास कार्यों और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की राह में सरकारी विभागों की लापरवाही बड़ी बाधा बन रही है. नगर पंचायत क्षेत्र के कई प्रमुख सरकारी विभागों और संस्थानों पर 10 लाख रुपये से अधिक का होल्डिंग टैक्स बकाया है. कई बार नोटिस और पत्राचार के बावजूद संबंधित विभाग टैक्स जमा करने में रुचि नहीं दिखा रहे हैं, जिससे नगर पंचायत का राजस्व प्रभावित हो रहा है.

थाना, प्रखंड, अंचल और स्कूल भी बकाएदार

नगर पंचायत के अनुसार बकाएदारों की सूची में स्थानीय थाना, अंचल कार्यालय, प्रखंड विकास कार्यालय, बिजली विभाग का कार्यालय और कई सरकारी विद्यालय शामिल हैं. इन संस्थानों की ओर से लंबे समय से होल्डिंग टैक्स का भुगतान नहीं किए जाने के कारण नगर पंचायत को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है.

आम लोगों पर सख्ती, सरकारी विभागों को राहत

नगर पंचायत नियमित रूप से आम नागरिकों, दुकानदारों और व्यवसायियों से होल्डिंग टैक्स वसूलने के लिए अभियान चलाती है. समय पर टैक्स जमा नहीं करने पर जुर्माना भी लगाया जाता है. वहीं सरकारी विभागों पर लाखों रुपये बकाया होने के बावजूद भुगतान में लगातार देरी हो रही है. इससे स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है.

ईओ बोले. विभाग नहीं दिखा रहे सहयोग

नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी शिव शक्ति कुमार ने कहा कि थाना, अंचल, प्रखंड, बिजली विभाग और सरकारी स्कूलों पर कुल मिलाकर 10 लाख रुपये से अधिक का होल्डिंग टैक्स बकाया है. उन्होंने कहा कि आम जनता को जागरूक करने वाले सरकारी विभाग ही टैक्स भुगतान में रुचि नहीं दिखा रहे हैं. इससे नगर पंचायत की आय प्रभावित हो रही है और सफाई, स्ट्रीट लाइट तथा अन्य विकास योजनाओं के संचालन में भी परेशानी आ रही है.

अंतिम नोटिस के बाद होगी सख्त कार्रवाई

नगर पंचायत प्रशासन ने बकाएदार विभागों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का संकेत दिया है. ईओ ने बताया कि सभी संबंधित विभागों को अंतिम स्मरण पत्र भेजा जा रहा है. निर्धारित समय सीमा के भीतर भुगतान नहीं होने पर विभागाध्यक्षों, जिलाधिकारी और संबंधित मंत्रालयों को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई की अनुशंसा की जाएगी. नगर पंचायत ने सभी विभागों से जल्द बकाया टैक्स जमा कर नगर के विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की है.


विज्ञापन
संतोष कांत

लेखक के बारे में

By संतोष कांत

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन