बक्सर: नीलगाय से टकराई तेज रफ्तार बाइक, पूर्व मुखिया बुचा उपाध्याय की सड़क हादसे में मौत

Author Vinod singh|Edited by Rajeev Kumar
Updated:
विज्ञापन
बुच्चा उपाध्याय की फ़ाइल फ़ोटो | Prabhat Khabar Network

बुच्चा उपाध्याय का फ़ाइल फ़ोटो | Prabhat Khabar Network

बक्सर जिले में एक दुखद सड़क हादसे में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुखिया रवींद्रनाथ उपाध्याय उर्फ 'बुचा उपाध्याय' का निधन हो गया. यह घटना तब हुई जब उनकी तेज रफ्तार बाइक एक नीलगाय से टकरा गई.

विज्ञापन

Buxuar News : बक्सर जिले के बनारपुर पंचायत के पूर्व मुखिया एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रवींद्रनाथ उपाध्याय उर्फ 'बुचा उपाध्याय' की गुरुवार दोपहर सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. वह करीब 65 वर्ष के थे. हादसे की खबर मिलते ही राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.

टकराकर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से हुए घायल

जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना क्षेत्र के खिलाफतपुर गांव निवासी बुचा उपाध्याय बक्सर से बाइक पर सवार होकर चौसा लौट रहे थे. दोपहर करीब दो बजे हादीपुर और मिश्रवलिया गांव के बीच अचानक एक नीलगाय सड़क पर आ गई. तेज रफ्तार बाइक नीलगाय से टकरा गई, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. अस्पताल में बड़ी संख्या में शुभचिंतक, स्थानीय लोग और राजनीतिक कार्यकर्ता पहुंच गए.

सक्रिय जनप्रतिनिधि और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे

रवींद्रनाथ उपाध्याय लंबे समय से कांग्रेस की राजनीति से जुड़े थे. वह बनारपुर पंचायत के पूर्व मुखिया रह चुके थे और क्षेत्र में एक सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी पहचान थी. मिलनसार स्वभाव और जनता के बीच मजबूत पकड़ के कारण वह काफी लोकप्रिय थे. पिछले नगर पंचायत चुनाव में उन्होंने अपनी पत्नी को भी चौसा नगर पंचायत क्षेत्र से चुनाव लड़ाया था. सामाजिक कार्यों में भी उनकी सक्रिय भागीदारी रहती थी.

शोक की लहर, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

कांग्रेस नेताओं ने उनके निधन को पार्टी और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताया. स्थानीय नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने अस्पताल पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की कार्रवाई में जुट गई है. ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में नीलगाय और अन्य जंगली जानवरों के अचानक सड़क पर आ जाने से अक्सर सड़क हादसे होते रहते हैं. बुचा उपाध्याय के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.


विज्ञापन
Vinod Singh

लेखक के बारे में

By Vinod Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन