Buxar News: दो पदों के नौ प्रत्याशियों की किस्मत इवीएम में बंद

Published by : RAVIRANJAN KUMAR SINGH Updated At : 28 Jun 2025 9:45 PM

विज्ञापन

नगरपालिका उप निर्वाचन के तहत बक्सर नगर परिषद के दो पदों के लिए शनिवार को मतदान कराए गए. इसी के साथ दोनों पदों के कुल नौ उम्मीदवारों की किस्मत इवीएम में सीलबंद हो गयी.

विज्ञापन

बक्सर

. नगरपालिका उप निर्वाचन के तहत बक्सर नगर परिषद के दो पदों के लिए शनिवार को मतदान कराए गए. इसी के साथ दोनों पदों के कुल नौ उम्मीदवारों की किस्मत इवीएम में सीलबंद हो गई. इस चुनाव में इवीएम से कुल 22.33 प्रतिशत तथा इ-वोटिंग से 54.71 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार प्रयोग किया. कड़ी सुरक्षा के बीच कुल 42 वार्डों के 136 मतदान केन्द्रों पर निर्धारित समय सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 5 बजे तक चला.

इस बीच एकाध बूथों पर इवीएम में गड़बड़ी भी आई, जिसे कुछ ही देर में ठीक कर दोबारा मतदान शुरू कराया गया. इस बीच सबसे ज्यादा परेशानी पहली बार होने वाली ई-वोटिंग को लेकर हुई. ई-वोटिंग के लिए सुबह 7 बजे से दोपहर 01 बजे तक समय तय की गई थी, परंतु बीच में पोर्टल में गड़बड़ी के कारण ई-वोटिंग बाधित हो गया. इसके बाद प्रशासन को ई-वोटिंग के लिए शाम 4 से 6 बजे तक समय निर्धारित करना पड़ा. प्रशासन का दावा है कि शांति के साथ सभी बूथों पर मतदान संपन्न हुआ. उप मुख्य पार्षद पद के लिए छह एवं वार्ड संख्या 20 के पार्षद पद हेतु तीन उम्मीदवार मैदान में खड़े हैं. मतदान को लेकर उदासीन रहे मतदाता : नगरपालिका उप निर्वाचन के तहत बक्सर नगर परिषद के उप मुख्य पार्षद व वार्ड संख्या-20 के वार्ड पार्षद के रिक्त दो पदों के लिए मतदान कराए गए. इसके लिए सभी मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद व्यवस्था किए गए थे. लेकिन मतदान के प्रति मतदाता काफी उदासीन रहे. इसका परिणाम यह हुआ कि 25 फीसदी से भी कम वोट पड़े. सबसे आश्चर्य की बात तो यह थी कि अधिकतर बूथों पर उम्मीदवारों के पोलिंग एजेंट भी नहीं बैठे थे. मतदान केन्द्रों तक पहुंचाने के लिए उनके कार्यकर्ता भी सक्रिय नहीं दिखे. लिहाजा मतदाताओं के इंतजार में मतदान कर्मी चुपचाप बैठे उनकी बाट खोजते रहे. मतदाताओं को लुभाने के लिए शहर के रामरेखाघाट स्थित एमपी हाई स्कूल में मॉडल बूथ व पिंक बूथ बनाए गए थे.

मॉडल बूथ को बैलून आदि से सजाकर आकर्षक बनाया गया था. जबकि पिंक बूथ पर तैनात सभी मतदान कर्मी महिलाएं थीं. वे सभी गुलाबी रंग के लिबास में अपनी ड्यूटी निभा रही थीं. जिन्हें देखते ही पिंक बूथ की पहचान हो जा रही थी, बावजूद दोनों बूथों पर एका-दुक्का ही मतदाता नजर आ रहे थे. इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एमपी हाई स्कूल में बने चार बूथों में से पूर्वाह्न 10 बजे तक पिंक बूथ 15/01 पर मात्र छह वोट तथा आदर्श मतदान केन्द्र 15/03 पर चार वोट पड़े थे, जबकि 15/02 पर मात्र एक एवं 15/04 पर 39 वोट डाले गए थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
RAVIRANJAN KUMAR SINGH

लेखक के बारे में

By RAVIRANJAN KUMAR SINGH

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन