नौ बजे से आज मिलेगा विधानसभा चुनाव का पहला रुझान, मतगणना की उल्टी गिनती शुरू

बिहार विधानसभा आम निर्वाचन को लेकर मतगणना की सभी प्रशासनिक तैयारियां मुकम्मल हो गयी हैं.
बक्सर. बिहार विधानसभा आम निर्वाचन को लेकर मतगणना की सभी प्रशासनिक तैयारियां मुकम्मल हो गयी हैं. शहर के बाजार समिति परिसर स्थित एसएफसी वेयरहाउस भवन में शुक्रवार को पूर्वाह्न 8 बजे से मतगणना शुरू की जायेगी. वहां जिले की सभी चार विधानसभा क्षेत्रों ब्रह्मपुर, बक्सर, डुमरांव व राजपुर के लिए अलग-अलग मतगणना केंद्र बनाये गये हैं. सभी सीटों की इवीएम मतगणना 14-14 टेबलों पर होंगी. इसके अलावा तकरीबन 500 मतपत्र पर एक टेबल के हिसाब से पोस्टल बैलेट की गणना हेतु अलग से टेबल बने हैं. सभी मतगणना की निगरानी हेतु सभी टेबल पर तमाम उम्मीदवारों के मतगणना अभिकर्ता तैनात रहेंगे. तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए गुरुवार की देर रात तक निर्वाची पदाधिकारी जुटे थे. मतगणना का पहला रुझान पूर्वाह्न नौ बजे तक आने की उम्मीद है. सभी सीटों के लिए मतदान केंद्रों के हिसाब से राउंड निर्धारित किये गये हैं. सबसे पहले बक्सर का मिलेगा अंतिम परिणाम : बक्सर विधानसभा सीट का परिणाम सबसे पहले मिलेगा. क्योंकि बक्सर विधानसभा क्षेत्र में कुल 346 मतदान केंद्र हैं. इस हिसाब से 25 राउंड मतगणना होगी. इसी तरह ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कुल 418 मतदान केंद्रों की गिनती 30 राउंड, डुमरांव के 382 मतदान केंद्रों की गिनती 28 राउंड एवं राजपुर विधानसभा क्षेत्र के कुल 421 बूथों की गणना 31 राउंड में समाप्त होगी. सुरक्षा को लेकर पुख्ता इंतजाम : मतगणना केंद्र के बाहरी परिसर से लेकर अंदर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं. मतगणना की पारदर्शिता को लेकर सीसीटीवी कैमरे के अलावा वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गयी है. परिसर में ही मीडिया सेल भी बनाया गया है. बाजार समिति रोड की ओर जाने वाले रास्ते में ड्रॉप गेट बनाये गये हैं. जहां पुलिस बल की तैनाती रहेगी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




