बक्सर: इटाढ़ी ROB में दरार के बाद बंद रेलवे फाटक खोलने की मांग पर उग्र प्रदर्शन, ट्रैक पर बैठे कांग्रेस समर्थक
प्रदर्शन करते कांग्रेसी | Prabhat Khabar Network
बक्सर में इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज में दरार आने के बाद बंद फाटक को खोलने की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने रेलवे ट्रैक जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया।
Buxar News : नव निर्मित इटाढ़ी रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) में दरार आने के बाद बंद पड़े रेलवे फाटक को दोबारा खोलने की मांग को लेकर शुक्रवार को कांग्रेस और दलित-अतिपिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने बक्सर रेलवे स्टेशन पर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षा घेरा तोड़कर रेलवे ट्रैक जाम कर दिया. इससे पटना-पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलखंड पर कुछ समय के लिए ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ. मगध एक्सप्रेस और एक पैसेंजर ट्रेन को स्टेशन पर ही रोकना पड़ा.
पुलिस छावनी में तब्दील रहा रेलवे फाटक
आंदोलन की पूर्व घोषणा को देखते हुए रेल और जिला प्रशासन ने बंद रेलवे फाटक के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये थे. पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया था. मौके पर आरपीएफ के असिस्टेंट कमांडेंट हरिकांत प्रसाद सिंह, जीआरपी के एएसपी भास्कर रंजन, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी गौरव पांडेय समेत बड़ी संख्या में आरपीएफ, जीआरपी और जिला पुलिस के जवान तैनात रहे.
तिरंगा लेकर पहुंचे प्रदर्शनकारी, 'रेलवे फाटक खोलो' के लगाए नारे
कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर बंद रेलवे फाटक के पास पहुंचे. प्रदर्शनकारियों ने 'रेलवे फाटक खोलो' के नारे लगाते हुए रेलवे ट्रैक जाम कर दिया. पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी डाउन ट्रैक पर बैठ गये. इससे रेल परिचालन कुछ समय के लिए बाधित हो गया और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
अधिकारियों के आश्वासन के बाद खाली किया ट्रैक
ट्रैक पर बैठे प्रदर्शनकारियों को समझाने के लिए रेल और पुलिस अधिकारियों ने काफी प्रयास किया. अधिकारियों ने आंदोलनकारियों को आश्वासन दिया कि रेलवे फाटक खोलने की मांग को वरीय अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और समस्या के समाधान की दिशा में पहल की जाएगी. आश्वासन मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने रेलवे ट्रैक खाली कर दिया. इसके बाद रेल परिचालन बहाल किया गया.
कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत इन नेताओं ने संभाली कमान
रेल रोको आंदोलन का नेतृत्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय, हरिशंकर त्रिवेदी उर्फ गोपाल त्रिवेदी और दलित-अतिपिछड़ा स्वाभिमान संघर्ष मोर्चा के संयोजक सरोज राजभर ने किया. कांग्रेस के सक्रिय समर्थन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भागीदारी से प्रदर्शन जोरदार रहा.
आरओबी में दरार के बाद बंद है रेलवे फाटक
इटाढ़ी रोड पर नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज पर आवागमन शुरू होने के चार-पांच दिनों के भीतर दरारें आने की बात सामने आयी थी. इसके बाद आरओबी को भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया. वहीं, नीचे स्थित रेलवे फाटक भी पहले ही स्थायी रूप से बंद कर दिया गया था. आरओबी के क्षतिग्रस्त होने और रेलवे फाटक बंद रहने से शहर के एक बड़े हिस्से का संपर्क प्रभावित हुआ है.
मरीजों और स्कूली बच्चों को लगाना पड़ रहा लंबा चक्कर
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे फाटक बंद होने से पैदल राहगीरों, मरीजों, स्कूली बच्चों और छोटे कारोबारियों को आवागमन में परेशानी हो रही है. लोगों को दूसरे रास्तों से कई किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है. प्रदर्शनकारियों ने रेलवे फाटक को तत्काल खोलने और आरओबी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए











